
इस्लामाबाद, पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के करक जिले में मंगलवार की देर रात पुलिस गश्ती वाहन पर अज्ञात बंदूकधारियों के हमले में एक पुलिसकर्मी की मौत हो गयी और एक अन्य घायल हो गया। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पाकिस्तानी मीडिया ने पुलिस के हवाले से बताया कि हमला सबीराबाद थाने के अधिकार क्षेत्र में शताकई बांध क्षेत्र में उस समय हुआ जब पुलिसकर्मी नियमित गश्त पर थे। गोलीबारी में कांस्टेबल जफरान की मौत हो गयी, जबकि कांस्टेबल मुहम्मद इम्तियाज घायल हो गये। घायल पुलिसकर्मी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस ने बताया कि हमले की सूचना मिलने के बाद वह देर रात अतिरिक्त पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद इलाके की घेराबंदी कर हमलावरों की तलाश के लिए अभियान शुरू किया गया। पुलिस ने कहा, “विभिन्न स्थानों पर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है और संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।” यह हमला खैबर पख्तूनख्वा और पड़ोसी बलूचिस्तान में पिछले कुछ वर्षों में बढ़ी आतंकवादी हिंसा के बीच हुआ है। सुरक्षा बलों ने आतंकवादी संगठनों का मुकाबला करने और खासकर अफगान सीमा के पास सक्रिय आतंकवादियों के हमलों को रोकने के लिए दोनों प्रांतों में अभियान तेज कर दिये हैं।
पाकिस्तान की संघीय सरकार ने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर बार-बार अफगानिस्तान में मौजूद कथित आतंकवादी ठिकानों को लेकर चिंता जतायी है, जहां से उसके अनुसार पाकिस्तान के खिलाफ हमले किये जाते हैं। इस्लामाबाद ने अफगान क्षेत्र से संचालित होने वाले समूहों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की भी मांग की है। ताजा घटना खैबर पख्तूनख्वा में हाल के महीनों में हुए हमलों और तोड़फोड़ के प्रयासों की श्रृंखला में शामिल है। गत 13 जुलाई को टैंक जिले में वाना-जंडोला मार्ग पर संदिग्ध आईईडी से पुलिस के एक बख्तरबंद वाहन को निशाना बनाया गया था, जिसमें दो पुलिस अधिकारियों की मौत हो गयी और दो अन्य घायल हुए थे। पुलिस के अनुसार, उपकरण को दूर से विस्फोट किया गया था और हमले के बाद तलाशी अभियान शुरू किया गया था।
तीन जुलाई को बन्नू जिले में अज्ञात हमलावरों ने तोड़फोड़ की दो अलग-अलग घटनाओं को अंजाम दिया था। इनमें एक सरकारी बालिका माध्यमिक विद्यालय और एक महत्वपूर्ण संपर्क पुल को निशाना बनाया गया था। मामा खेल स्थित सरकारी बालिका माध्यमिक विद्यालय के भीतर रखे विस्फोटकों से इमारत का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था तथा कक्षाओं की दीवारों में दरारें पड़ गयी थीं और खिड़कियां एवं दरवाजे टूट गये थे। एक अन्य घटना में जानी खेल के बचकी इलाके में आतंकवादियों ने एक महत्वपूर्ण पुल के नीचे विस्फोटकों से भरा ड्रम रखा था। माना जा रहा था कि इसका उद्देश्य परिवहन संपर्क को बाधित करना था। सुरक्षा बलों और बम निरोधक दस्ते ने नुकसान होने से पहले ही उपकरण को निष्क्रिय कर दिया।
