
भोपाल। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले मध्य प्रदेश के तीन संवेदनशील क्षेत्रों के दौरे की संभावना है। सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय स्तर की एक उच्चस्तरीय टीम सागर और बालाघाट पहुंचकर दौरे की रूपरेखा और तारीखों को अंतिम रूप देने में जुटी है।
सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी 17 और 18 सितंबर को बालाघाट तथा पन्ना-छतरपुर क्षेत्र का दौरा कर सकते हैं। इसके बाद 19 सितंबर को इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संबोधित करने का प्रस्ताव है।
बालाघाट में वे उन गांवों का दौरा कर सकते हैं, जहां कथित तौर पर कुपोषण और बीमारी के कारण बैगा आदिवासी बच्चों की मौत हुई है। वहीं पन्ना और छतरपुर में केन-बेतवा लिंक परियोजना से प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने की संभावना है। राहुल गांधी पहले भी दोनों मुद्दों पर चिंता जता चुके हैं।
इस बीच, सागर जिले की बांदा तहसील में कथित अवैध शराब से हुई मौतों का मामला भी संभावित दौरे में शामिल बताया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, मृतकों में बड़ी संख्या अनुसूचित जाति समुदाय से थी। राहुल गांधी प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर जमीनी स्थिति की जानकारी ले सकते हैं।