
इंदौर. राजेन्द्र नगर रेल सेक्शन में ट्रैक मेंटेनेंस कार्य के चलते लोकमान्य नगर रोड से चोथराम मंडी मार्ग के बीच स्थित रेलवे लेवल क्रॉसिंग गेट नंबर 253 को आज से आगामी 8 रातों तक अस्थायी रूप से बंद रखा जाएगा. इस दौरान रात के समय सड़क यातायात पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा.
ट्रैक पर मशीनों से छनाई और मेंटेनेंस का कार्य किया जाना है. इसके चलते प्रतिदिन रात 11 बजे से सुबह 6 बजे तक रेलवे फाटक बंद रहेगा. इस अवधि में किसी भी प्रकार के वाहन को फाटक पार करने की अनुमति नहीं दी जाएगी. काम पूरा होने के बाद सुबह यातायात सामान्य कर दिया जाएगा. रेलवे जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि यात्रियों और स्थानीय नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक मार्ग के रूप में माणिकबाग रोड ओवरब्रिज का उपयोग करने की अपील की गई है. उन्होंने कहा कि निर्धारित अवधि में कार्य पूरा कर फाटक को फिर से सामान्य संचालन में लाया जाएगा. रेलवे ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे समय रहते अपने मार्ग की योजना बनाएं, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके.
