गंजबासौदा: नए वर्ष की शुरुआत गंजबासौदा के लिए स्वास्थ्य सेवाओं की बड़ी सौगात लेकर आई है. स्थानीय शासकीय राजीव गांधी जन चिकित्सालय में हड्डी रोग विशेषज्ञ की स्थापना के बाद अब स्त्री रोग विशेषज्ञ की पदस्थापना से स्वास्थ्य सेवाओं को और भी मजबूती मिली हैं.विधायक हरि सिंह रघुवंशी के विशेष प्रयासों और अनुशंसा से शुक्रवार से अस्पताल को विधिवत रूप से एक स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. भूपेंद्र सिंह चौहान, (सर्जन) की सेवाएं मिलना प्रारंभ हो गई हैं.
डॉ. चौहान ने रीवा मेडिकल कॉलेज से
स्त्री रोग में एमएस (सर्जन) की डिग्री प्राप्त करने के बाद शुक्रवार से सिविल अस्पताल में अपनी सेवाएं प्रारंभ कर दी अब तक हैं. सिविल अस्पताल में महिला चिकित्सक के रूप में डॉ. लीना शर्मा पदस्थ थीं. डॉ. चौहान की पदस्थापना से महिला रोगियों को गर्भावस्था, प्रसूति एवं जटिल स्त्री रोग संबंधी समस्याओं के इलाज में बड़ी राहत मिलेगी. स्थानीय स्तर पर ही विशेषज्ञ सर्जिकल सुविधाएं उपलब्ध होने से मरीजों को बाहर रेफर करने की आवश्यकता भी कम होंगी. अब हृदय रोग विशेषज्ञ की भी मांग क्षेत्र वासियों द्वारा लगातार की जा रही है.
विधायक रघुवंशी शासन स्तर पर लगातार पत्राचार कर शासकीय अस्पताल में हृदय रोगविशेषज्ञ की पदस्थापना के लिए प्रयास कर रहे हैं उम्मीद है इस वर्ष से हृदय रोग विशेषज्ञ की भी सेवाएं भी मिलना प्रारंभ हो जाएंगी. उल्लेखनीय है कि विधायक हरि सिंह रघुवंशी के प्रयासों से इससे पहले भी गंजबासौदा को हड्डी रोग विशेषज्ञ की सुविधा मिलना प्रारंभ हो गई हैं. हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. धर्मेंद्र रघुवंशी, जो वर्तमान में विदिशा मेडिकल कॉलेज में पदस्थ हैं, प्रत्येक बुधवार को सिविल अस्पताल गंजबासौदा पहुंचकर मरीजों का उपचार कर रहे हैं. डॉ चौहान ने शुक्रवार को बीएमओ डॉ. प्रवीण तिवारी एवं अस्पताल अधीक्षक डॉ. रविंद्र चिडार की मौजूदगी में औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण अपनी सेवाएं प्रारंभकर दी. इस अवसर पर अस्पताल स्टाफ ने उनका स्वागत किया.
