शिवराज सिंह चौहान ने विकसित भारत–जी राम जी के लिए राज्यों को 25,863 करोड़ रूपये की पहली किस्त जारी की

नयी दिल्ली 05 जुलाई (वार्ता) केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को सभी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के ग्रामीण विकास मंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) [वीबी–जी राम जी] के क्रियान्वयन की समीक्षा की तथा राज्यों को योजना के संचालन के लिए 25,863 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी की। यहां जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गयी।

इसमें बताया कि बैठक को संबोधित करते हुए श्री चौहान ने कहा कि सरकार का संकल्प था कि एक जुलाई से वीबी–जी राम जी योजना पूरे देश में बिना किसी व्यवधान के लागू हो और यह योजना पूरे देश में सफलतापूर्वक लागू हो चुकी है तथा मनरेगा से विकसित भारत–जी राम जी में आना पूरी तरह सहज और सुचारु रहा है। अब तक किसी भी प्रकार की तकनीकी अथवा संचालन संबंधी शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।

श्री चौहान ने कहा कि आज जारी हुयी किस्त का उद्देश्य राज्यों को समय पर संसाधन उपलब्ध कराना है, ताकि श्रमिकों को 15 दिनों के भीतर मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने सभी राज्य सरकारों से आग्रह किया कि वे भी अपनी हिस्सेदारी की राशि समय पर जारी करें, जिससे मजदूरी भुगतान में किसी प्रकार की देरी न हो।

श्री चौहान ने कहा कि मनरेगा को पूरे देश में लागू होने में लगभग तीन वर्ष का समय लगा था, जबकि वीबी–जी राम जी एक ही दिन में पूरे देश में लागू हो गया। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, राज्यों के सहयोग तथा देश की प्रशासनिक क्षमता की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह प्रधानमंत्री के संकल्प, सुशासन और प्रभावी समन्वय का प्रतीक है।

श्री चौहान ने प्रारंभिक प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि पहले सप्ताह में बड़ी संख्या में ग्राम पंचायतों में कार्य प्रारंभ हुए हैं तथा लाखों ग्रामीण श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने आंध्र प्रदेश, केरल और राजस्थान की विशेष सराहना करते हुए कहा कि इन राज्यों ने पहले ही दिन बड़ी संख्या में रोजगार उपलब्ध कराया। उन्होंने ओडिशा और पश्चिम बंगाल से शेष ग्राम पंचायतों में शीघ्र कार्य प्रारंभ करने का आग्रह किया तथा झारखंड से योजना को अधिसूचित कर आवश्यक बजटीय प्रावधान सुनिश्चित करने का अनुरोध किया। जिन राज्यों में आरबीआई खाते खोलने अथवा अन्य प्रक्रियाएं लंबित हैं, उन्हें भी समयबद्ध ढंग से पूरा करने को कहा गया।

उन्होंने कहा कि वीबी–जी राम जी के अंतर्गत मजदूरी दरों में औसतन लगभग 10 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। अब देश के किसी भी राज्य में मजदूरी 300 रूपये से प्रतिदिन से कम नहीं होगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि वीबी–जी राम जी के प्रभावी क्रियान्वयन में धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। पहली किस्त राज्यों की मांग के आधार पर जारी की गई है और भविष्य में भी आवश्यकता के अनुसार धन उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्राम सभाएं और ग्राम पंचायतें स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों का चयन करें ताकि गांवों का समग्र और सहभागी विकास सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने कहा कि योजना में किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा फर्जीवाड़े के लिए कोई स्थान नहीं है तथा सरकार का उद्देश्य पारदर्शी, विश्वसनीय एवं गुणवत्तापूर्ण परिसंपत्तियों का निर्माण सुनिश्चित करना है।

बैठक में केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी, राज्य मंत्री कमलेश पासवान, विभिन्न राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के ग्रामीण विकास मंत्री, ग्रामीण विकास विभाग के सचिव रोहित कंसल, संयुक्त सचिव रोहिणी आर. भाजीभाकरे तथा मंत्रालय एवं राज्य सरकारों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

Next Post

पुलिस ने 2 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की 2004 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब जप्त कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया

Sun Jul 5 , 2026
आलीराजपुर । जिले भर में अवैध शराब के तस्करी तथा परिवहन पर प्रभावी दृष्टि अपनाते हुए पुलिस अधीक्षक श्री रघुवंश कुमार सिंह के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती ज्योति उमठ बघेल एवं SDOP जोबट रविन्द्र राठी के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियानों के तहत जोबट थाने की […]

You May Like