
आलीराजपुर । जिले भर में अवैध शराब के तस्करी तथा परिवहन पर प्रभावी दृष्टि अपनाते हुए पुलिस अधीक्षक श्री रघुवंश कुमार सिंह के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती ज्योति उमठ बघेल एवं SDOP जोबट रविन्द्र राठी के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियानों के तहत जोबट थाने की टीमों ने आज सुबह बड़ी कार्यवाही की। मुखबिर से प्राप्त विश्वसनीय जानकारी के आधार पर थाना प्रभारी जोबट द्वारा दो अलग-अलग टीमों को तत्काल तैनात कर कार्रवाई की गई।
तलाशी के दौरान दो आयशर कंटेनर वाहनों क्रमांक MP-41-HA-1053 एवं MP-09-BG-7139 से कुल 2004 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। प्रथम कंटेनर से 930 पेटी तथा द्वितीय कंटेनर से 1074 पेटी मिली, जो मिलाकर लगभग 17,409 बल्क लीटर बनती है। जब्त शराब में आर.एस., ब्लेंडर्स, रिट्ज, आर.सी., बैगपाइपर और मैजिक मोमेंट सहित कई हाई-रेंज ब्रांड शामिल हैं। बरामद शराब का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग ₹2,00,00,000 बताया जा रहा है।
कार्रवाई के दौरान दोनों वाहनों के चालकों विक्रम (पिता शालगराम पाटीदार, उम्र 43 वर्ष, निवासी करनावद, थाना हाटपिपलिया, जिला देवास) एवं शिवलाल (पिता बालमुकुंद मालवीय, उम्र 55 वर्ष, निवासी ग्राम भैरवाखेड़ी, थाना टोककलां खुर्द, जिला देवास) को मौके से गिरफ्तार किया गया। घटनास्थल से दोनों आयशर कंटेनर (क्रमांक MP-41-HA-1053 एवं MP-09-BG-7139) भी जब्त किए गए हैं; इन वाहनों की अनुमानित कीमत लगभग ₹40,00,000 है।
थाना जोबट पर इस संबंध में अलग-अलग अपराध क्रमांक 277/2026 एवं 278/2026 दर्ज कर आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 46 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों से जब्त शराब के स्रोत तथा आपूर्ति श्रृंखला संबंधी गहन पूछताछ की जा रही है और प्रकरणों की विवेचना जारी है।
पुलिस टीम की सराहना
उक्त कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम देने में थाना जोबट पुलिस के निरीक्षक विजय वास्कले, उप निरीक्षक नगीनलाल नायक, उप निरीक्षक धनराज सेमिया, उप निरीक्षक गोविन्द कटारे, सहायक उप निरीक्षक राम कुमार गौतम, सहायक उप निरीक्षक अजय कुमार यादव, आरक्षक गजेन्द्र, आरक्षक रविन्द्र व आरक्षक महेश की विशेष भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने टीम के सतत प्रवर्तन अभियानों को आगे भी जारी रखने का आश्वासन दिया है।
जप्त मशरूका (सारांश)
कुल 2004 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब (लगभग 17,409 बल्क लीटर)
शराब का अनुमानित मूल्य: लगभग ₹2,00,00,000
जब्त वाहन: दो आयशर कंटेनर (MP-41-HA-1053, MP-09-BG-7139), अनुमानित मूल्य लगभग ₹40,00,000
गिरफ्तार आरोपी: 1) विक्रम स/o शालगराम पाटीदार (43), 2) शिवलाल s/o बालमुकुंद मालवीय (55)
मामले दर्ज: थाना जोबट पर अपराध क्रमांक 277/2026 व 278/2026; धाराएँ: मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 46
