ग्वालियर: झांसी रोड थाना क्षेत्र के लखनौती खुर्द गांव में एक किसान के घर पर बदमाशों ने जमकर गोलियां चलाईं. बदमाशों ने किसान को धमकाया कि वह अपनी जमीन छोड़ दे, वरना उसे जिंदा नहीं छोड़ा जाएगा. गांव में रहने वाले किसान रामवीर सिंह गुर्जर खेती कर अपना घर चलाते हैं. रामवीर ने दिसंबर में अपनी जमीन ग्वालियर के राजेश गुप्ता को बेच दी थी.
लेकिन हुरावली गांव का रहने वाला सचिन उस जमीन पर कब्जा करना चाहता है. सचिन का कहना है कि जमीन उसने खरीदी है, जबकि असल में वह जमीन रामवीर ने राजेश को बेच दी है. इसी बात को लेकर सचिन ने रामवीर को धमकाया. सचिन कई बदमाशों को लेकर गाड़ियों में रामवीर के घर पहुंचा. वहां उसने चिल्लाकर कहा – जमीन छोड़ दो, नहीं तो इतनी गोलियां मारेंगे कि कोई जिंदा नहीं बचेगा.
इसके बाद सचिन और उसके साथियों ने पुल पर खड़े होकर रामवीर के घर पर अंधाधुंध फायरिंग की. इस घटना का वीडियो खुद रामवीर ने बना लिया, जिसमें साफ दिख रहा है कि बदमाश लगातार गोलियां चला रहे हैं.गोलियों की आवाज से गांव में डर का माहौल बन गया. लोग अपने घरों में छिप गए. फायरिंग के बाद सड़क पर गोलियों के खाली खोखे मिले, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया है. रामवीर और उसका परिवार बहुत डरा हुआ है. घटना की सूचना मिलते ही झांसी रोड पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज किया. सीएसपी हिना खान ने कहा कि बदमाशों की पहचान हो रही है. कुछ नाम सामने आए हैं. पुलिस आरोपियों को पकड़ने में जुटी है.
