इंदौर। स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2026 में पिछले साल नंबर-1 रहने वाला इंदौर इस बार दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। लखनऊ ने 198 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया, जबकि इंदौर को 197 अंक मिले। यानी दोनों शहरों के बीच सिर्फ एक अंक का अंतर रहा।
हालांकि, इंदौर का दूसरे स्थान पर आना यह नहीं दर्शाता कि शहर की हवा सबसे ज्यादा खराब हो गई है। स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में केवल AQI ही नहीं, बल्कि सड़क की धूल, कचरा जलाने, वाहनों और उद्योगों से होने वाले प्रदूषण, निर्माण कार्यों के मलबे और PM-10 समेत कई मानकों के आधार पर शहरों का मूल्यांकन किया जाता है।
नगर निगम के मुताबिक, PM-10 से जुड़े प्रदर्शन में कमी इंदौर के एक अंक से पिछड़ने की बड़ी वजह रही। अब इंदौर के सामने प्रदूषण के अलग-अलग स्रोतों पर नियंत्रण और व्यवस्थाओं में सुधार की चुनौती है, ताकि अगले सर्वेक्षण में शहर एक बार फिर नंबर-1 का ताज हासिल कर सके।
