
भोपाल। हमीदिया अस्पताल परिसर स्थित गांधी मेडिकल कॉलेज के सभागार में बुधवार को उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने डॉक्टरों के तीन दिन से जारी प्रदर्शन को लेकर प्रेस वार्ता की। उन्होंने प्रदर्शन से जुड़े मुद्दों और सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि डॉक्टरों और छात्रों से जुड़े विषयों को लेकर लगातार बातचीत की जा रही है। उन्होंने बताया कि छात्र संगठन के प्रमुख लोगों से चर्चा के लिए गए हैं और उम्मीद है कि आज डॉक्टरों एवं छात्रों का प्रदर्शन समाप्त हो जाएगा।
गौरतलब है कि डॉक्टरों और एमबीबीएस इंटर्न द्वारा पिछले तीन दिनों से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया जा रहा है। प्रदर्शन के कारण अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं और मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में सरकार की ओर से प्रदर्शन समाप्त कराने के प्रयास तेज किए गए हैं। उपमुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि बातचीत के माध्यम से मामले का समाधान निकलेगा और जल्द ही स्वास्थ्य सेवाएं सामान्य रूप से संचालित हो सकेंगी।
