भोपाल में लोकायुक्त की कार्रवाई, 15 हजार की रिश्वत लेते A.E. और J.E. गिरफ्तार

भोपाल: भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भोपाल के छोला स्थित बिजली विभाग के कार्यालय में पदस्थ A.E. राजेंद्र वरवड़े और J.E. अमित कुमार उपाध्याय को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है। यह कार्रवाई लोकायुक्त के महानिदेशक योगेश देशमुख और उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज कुमार सिंह के निर्देश पर की गई।

लोकायुक्त के अनुसार, कुशवाह नगर, बाजार शाहजहाँनाबाद निवासी तारिक सिद्दीकी ने 7 सितंबर 2026 को लोकायुक्त भोपाल में शिकायत की थी। तारिक अपने मकान में किरायेदार रखने के लिए बिजली का नया मीटर लगवाना चाहते थे। इसके लिए जब वे छोला स्थित बिजली कार्यालय पहुंचे, तो वहां A.E. राजेंद्र वरवड़े और J.E. अमित कुमार उपाध्याय ने मकान से जुड़े पुराने मामले का हवाला देते हुए चालान बनाने की बात कही। आरोप है कि दोनों अधिकारियों ने कहा कि अगर चालान की कार्रवाई से बचना है और मीटर लगवाना है तो 20 हजार रुपये देने होंगे।तारिक रिश्वत नहीं देना चाहते थे, इसलिए उन्होंने लोकायुक्त में शिकायत कर दी। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त टीम ने मामले की जांच और शिकायत का सत्यापन किया। शिकायत सही पाए जाने के बाद 9 सितंबर 2026 को ट्रैप की कार्रवाई की गई। तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता ने अधिकारियों को 15 हजार रुपये दिए। जैसे ही दोनों अधिकारियों ने रिश्वत की रकम ली, लोकायुक्त की टीम ने उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया।

इस कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र सिंह टीम प्रभारी रहे। उनके साथ निरीक्षक घनश्याम सिंह मर्सकोले, प्रधान आरक्षक मुकेश सिंह ठाकुर और आरक्षक मनमोहन साहू, चैतन्य प्रताप सिंह, हेमेन्द्र पाल सिंह और प्रशोन्नजीत राव शामिल रहे। दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार से जुड़ी धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। लोकायुक्त ने लोगों से अपील की है कि अगर कोई सरकारी कर्मचारी या अधिकारी रिश्वत मांगता है, तो इसकी शिकायत लोकायुक्त कार्यालय में करें।

Next Post

केरवा डैम की बाउंड्री वॉल टूटी, FTL नहीं होने से अतिक्रमणों का सर्वे अटका

Wed Sep 9 , 2026
भोपाल। शहर के जलस्रोतों को अतिक्रमण से बचाने के लिए चल रहे सर्वे के अंतिम दिन केरवा डैम के आसपास बने निर्माणों का सर्वे नहीं हो सका। इसके पीछे डैम का फुल टैंक लेवल (FTL) हासिल नहीं होने का तर्क दिया गया। हालांकि, याचिकाकर्ता ने आरोप लगाया कि डैम में […]

You May Like