
भोपाल। मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से सीधे संवाद किया। उन्होंने बताया कि भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक व्यवस्था के तहत सभी मंत्री निर्धारित समय पर पार्टी कार्यालय में उपस्थित रहकर जनसमस्याओं का समाधान करते हैं। यह परंपरा भाजपा के केंद्रीय कार्यालय में पहले से ही प्रभावी रूप से संचालित है।
मंत्री पटेल ने कहा कि भाजपा प्रदेश कार्यालय में जनसमस्याओं के निराकरण के लिए प्रत्येक माह के दूसरे मंगलवार का दिन उनके लिए निर्धारित है। इसी क्रम में आज उन्होंने पार्टी कार्यालय में लोगों से मुलाकात की, जहां कुल 69 नागरिकों और कार्यकर्ताओं ने अपनी समस्याएं एवं सुझाव साझा किए।
उन्होंने बताया कि अधिकांश समस्याएं उनके विभाग से संबंधित थीं, जिनके त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। वहीं अन्य विभागों से जुड़ी समस्याओं को संबंधित मंत्रियों तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। मंत्री पटेल ने इस व्यवस्था को पार्टी की जनता से सतत संपर्क की मजबूत परंपरा बताते हुए पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया।
