शराब की दुकान पर महिलाओं का हमला, पेटियों में लगाई आग

शिवपुरी। सिरसौद कस्बे के एक गांव में शराब की दुकान पर महिलाओं ने हमला कर दिया। महिलाएं एकजुट होकर गांव में संचालित कंपोजिट शराब दुकान पर पहुंचीं और दुकान में रखी अंग्रेजी व देसी शराब की पेटियां बाहर निकालकर सड़क पर रख दीं। महिलाओं ने शराब की पेटियों में आग लगा दी और बिक्री बंद कराने की मांग की।

महिलाओं का आरोप था कि गांव में शराब आसानी से उपलब्ध होने से कई परिवार प्रभावित हो रहे हैं। युवक नशे में घर पहुंचकर पत्नी और बच्चों से मारपीट करते हैं। शराब पर खर्च होने से परिवारों की आर्थिक स्थिति बिगड़ रही है। महिलाओं ने कहा कि शराब की बिक्री बंद होने पर मजदूरी से मिलने वाली कमाई परिवार और बच्चों की जरूरतों पर खर्च होगी। सूचना मिलने पर अमोला थाना पुलिस और आबकारी विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। महिलाएं शराब की पेटियां हटाने देने को तैयार नहीं थीं। स्थिति को देखते हुए जेसीबी बुलाकर अधिकारियों की मौजूदगी में शराब नष्ट कर गड्ढे में दबाई गई। इसके बाद महिलाओं का समूह गांव के पास कंजर डेरा पहुंचा। महिलाओं ने आरोप लगाया कि यहां एक महिला कच्ची शराब बेच रही थी। उन्होंने उसके पास से शराब से भरा बैग छीन लिया और पन्नियों में भरी शराब फोरलेन पर फैलाने के बाद बैग में आग लगा दी। गांव में हालात तनावपूर्ण हैं।

Next Post

15 गाड़ियां खराब देख निगमायुक्त हुए नाराज, वर्कशॉप में अटके वाहनों को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश

Wed Sep 9 , 2026
ग्वालियर। नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी ने स्मार्ट सिटी के कमांड एंड कंट्रोल सेंटर और एजी ऑफिस पुल के नीचे स्थित नगर निगम वर्कशॉप का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था, वाहनों की जीपीएस मॉनिटरिंग, यातायात नियमों के उल्लंघन पर की जा रही चालानी कार्रवाई […]

You May Like

मनोरंजन