
ग्वालियर। नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी ने स्मार्ट सिटी के कमांड एंड कंट्रोल सेंटर और एजी ऑफिस पुल के नीचे स्थित नगर निगम वर्कशॉप का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था, वाहनों की जीपीएस मॉनिटरिंग, यातायात नियमों के उल्लंघन पर की जा रही चालानी कार्रवाई तथा निगम के वाहनों के संधारण की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार के आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
कमांड सेंटर के बाद निगमायुक्त ने एजी ऑफिस पुल के नीचे स्थित निगम डिपो एवं वर्कशॉप का दौरा किया। यहां उन्होंने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण में लगे वाहनों के रखरखाव और संधारण की स्थिति का निरीक्षण किया। अधिकारियों द्वारा यह बताए जाने पर कि लगभग 15 वाहन लंबे समय से खराब पड़े हैं, निगमायुक्त ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और उन्हें तत्काल दुरुस्त कराने के आदेश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरम्मत के लिए आने वाले किसी भी वाहन को अकारण लंबित न रखा जाए और संबंधित वेंडर से समन्वय स्थापित कर शीघ्र सुधार कार्य पूरा कराया जाए।