
सीधी। जिले के रामपुर नैकिन थानांतर्गत ग्राम धनहा में मोड़ पर सोमवार देर रात दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में दो युवक घायल हो गए। घायलों में से एक की पहचान राजेश साकेत के रूप में हुई है, जबकि दूसरे युवक की पहचान खबर लिखे जाने तक नहीं हो पाई थी । प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह दुर्घटना रात करीब 11 बजे धनहा मोड़ पर हुई। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर आये और देखा कि दोनों मोटरसाइकिलें क्षतिग्रस्त हालत में सड़क पर पड़ी थीं और दोनों चालक घायल अवस्था में थे। हादसे की सूचना मिलते ही सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और घायलों की मदद की। स्थानीय लोगों ने बताया कि धनहा मोड़ पर अक्सर तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर नैकिन ले जाया गया। डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रीवा रेफर कर दिया है।
इनका कहना है-
घटना की सूचना रात में ही मिली थी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस की प्राथमिकता घायलों को तत्काल उपचार दिलाना था। फिलहाल इस संबंध में कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद मामले की विधिवत जांच की जाएगी।
नीरज साकेत, चौकी प्रभारी खड्डी
