जिले में बारिश की दोहरी मार से 30 हजार हेक्टेयर में बोई गई दलहन-तिलहन फसल तबाह

सतना: जिले में पिछले एक महीने के दौरान रुक-रुककर हुई तेज बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। कृषि कल्याण विभाग के प्राथमिक आंकड़ों के मुताबिक करीब 30 हजार हेक्टेयर में बोई गई दलहन और तिलहन की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई है। वहीं, जिले में बड़े रकबे में बोई गई धान की फसल के लिए यही बारिश फायदेमंद साबित हुई है।

जिले में फसल नुकसान की शुरुआत करीब एक महीने पहले हुई बारिश से हुई थी। पहली बारिश में उड़द और मूंग को कम नुकसान हुआ, लेकिन तिल की करीब 75 प्रतिशत फसल उसी दौरान खराब हो गई थी। किसान खेतों में बची फसल को बचाने की कोशिश कर रहे थे, तभी दो दिन पहले हुई तेज बारिश ने तिल की बची हुई करीब 25 प्रतिशत फसल को भी बर्बाद कर दिया। इसके साथ ही खेतों में खड़ी और पकने की स्थिति में पहुंच चुकी उड़द व मूंग की फसल को भी भारी नुकसान हुआ।

2.30 लाख हेक्टेयर में हुई थी खरीफ की बोआई

चालू खरीफ सीजन में जिले में करीब 2 लाख 30 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में खरीफ फसलों की बोआई की गई थी। इसमें लगभग 2 लाख हेक्टेयर में धान और करीब 30 हजार हेक्टेयर में उड़द, मूंग व तिल जैसी दलहन-तिलहन फसलें शामिल हैं। बारिश से जहां दलहन और तिलहन की फसलें बुरी तरह प्रभावित हुईं, वहीं धान के लिए पर्याप्त पानी मिलने से किसानों को फायदा हुआ है।

सर्वे के बाद तय होगी क्षति और राहत

फसल नुकसान के बाद प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में सर्वे की प्रक्रिया शुरू कर दी है। राजस्व और कृषि विभाग की संयुक्त टीमें खेतों में पहुंचकर नुकसान का आकलन कर रही हैं। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर फसल क्षति का आंकलन किया जाएगा और पात्र प्रभावित किसानों को नियमानुसार राहत या मुआवजा दिए जाने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

सहायक संचालक कृषि कल्याण विभाग राम सिंह बागरी ने बताया कि दो दिन पहले हुई तेज बारिश से जिले में दलहन और तिलहन की फसलों को भारी नुकसान हुआ है। बारिश के कारण उड़द और मूंग की खड़ी फसल पूरी तरह नष्ट हो गई है। उन्होंने बताया कि करीब एक माह पहले हुई भारी बारिश में तिल की लगभग 75 प्रतिशत फसल पहले ही खराब हो चुकी थी। खेतों में बची करीब 25 प्रतिशत तिल की फसल भी दो दिन पहले हुई बारिश की चपेट में आकर पूरी तरह बर्बाद हो गई।

Next Post

देश की 1,800 पर्यटन परिसंपत्तियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाने की तैयारी

Wed Sep 30 , 2026
नयी दिल्ली, 30 सितंबर (वार्ता) केंद्र सरकार देश भर की 1,800 और पर्यटन परिसंपत्तियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाने की तैयारी कर रही है। संयुक्त पर्यटन सचिव हरि किशोर ने यहां उद्योग संगठन एसोचैम द्वारा बुधवार को आयोजित राष्ट्रीय पर्यटन सम्मेलन से इतर समाचार एजेंसी ‘यूनीवार्ता’ को बताया कि जनवरी […]

You May Like