‘यहां नौकरी नहीं मिलती, बेरोजगार न आएं’, ग्वालियर सीएमएचओ दफ्तर के बाहर लगे बोर्ड

ग्‍वालियर। नौकरी की उम्मीद लेकर बेरोजगार युवाओं ने रोजाना सीएमएचओ कार्यालय पहुंचना शुरू कर दिया. युवाओं की बढ़ती भीड़ के कारण अधिकारी परेशान होने लगे, जिससे उनके काम पर असर पड़ना शुरू हो गया. इसके बाद अब स्वास्थ्य विभाग ने कार्यालय परिसर में जगह-जगह सूचना बोर्ड लगवा दिए हैं. आउटसोर्स मल्टी स्किल कर्मियों की भर्ती को लेकर फैले भ्रम को दूर करने के लिए लगाए गए इन बोर्डों पर लिखा है- ‘सीएमएचओ कार्यालय या उसके अधीनस्थ संस्थानों में यहां नौकरी नहीं मिलती, आउटसोर्स कर्मचारियों की सीधी भर्ती नहीं की जाती है. सीएमएचओ डॉ. एमएस सागर ने बताया कि पिछले कुछ समय से युवा नौकरी की तलाश में कार्यालय आ रहे हैं. उन्‍हें लगता है क‍ि स्वास्थ्य विभाग अपने स्तर पर आउटसोर्स कर्मचारियों की भर्ती कर रहा है. इस कारण वे कार्यालय के चक्कर लगा रहे है, जिससे अधिकारियों को भी काम करने में दिक्कत आ रही है. युवाओं को हो रही गलतफहमी को दूर करने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा सीएमएचओ कार्यालय में इससे संबंधित बोर्ड लगाए गए हैं. उन्‍होंने कहा क‍ि विभाग द्वारा उसकी अधीनस्थ आउटसोर्स संस्थाओं में कर्मचारियों की सीधी नियुक्ति का कोई प्रावधान नहीं है.

सीएमएचओ डॉ. सागर ने कहा- अस्पतालों और कार्यालयों में आवश्यकता के अनुसार कर्मचारियों की सेवाएं अधिकृत आउटसोर्स एजेंसियों के माध्यम से ली जाती हैं. भर्ती प्रक्रिया भी संबंधित एजेंसी द्वारा ही की जाती है. उन्‍होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा क‍ि वे नौकरी की तलाश या जानकारी के लिए सीएमएचओ कार्यालय न आएं. इसके लिए वे संबंधित अधिकृत आउटसोर्स एजेंसी से संपर्क करें.

Next Post

एमडी ड्रग्स केस में फरार सह-आरोपी गिरफ्तार

Wed Sep 9 , 2026
इंदौर. क्राइम ब्रांच ने एमडी ड्रग्स तस्करी के मामले में फरार चल रहे सह-आरोपी चेतन कुमावत को गिरफ्तार किया है. 24 अगस्त को 25.02 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ पकड़े गए पृथम शाक्तावत से पूछताछ में चेतन की भूमिका सामने आई थी. इसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी. […]

You May Like