
इंदौर. लसूड़िया थाना क्षेत्र के महालक्ष्मी नगर में सूने फ्लैटों के ताले तोड़कर जेवर चोरी करने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. दोनों के कब्जे से 32 ग्राम सोने के आभूषण बरामद हुए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 4.5 लाख रुपए है.
महालक्ष्मी नगर में 12 अगस्त को अंजली पटवारी और 20 अगस्त को साक्षी तोमर के बंद फ्लैटों में चोरी हुई थी. दोनों मामलों की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. इसमें दोनों वारदातों के बाद एक जैसे हुलिए वाले संदिग्ध दिखाई दिए. एक संदिग्ध चर्च कंपाउंड निवासी साहिल पिता अश्विन सिंह बीष्ट को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. उसने पुष्प रतन कॉलोनी निवासी अनुराग उर्फ भय्यू दुबे के साथ मिलकर दोनों फ्लैटों में चोरी करना बताया. इसके बाद पुलिस ने अनुराग को भी गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में सामने आया कि दोनों महंगे शौक और लग्जरी जीवनशैली के लिए चोरी करते थे. पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए सोने के जेवर बरामद कर लिए हैं.
एक आरोपी के खिलाफ 15 तो दूसरे पर दर्ज हैं चार केस
आपराधिक रिकॉर्ड की जांच में साहिल के खिलाफ चोरी, मारपीट और एनडीपीएस से जुड़े 15 मामले दर्ज मिले हैं, जबकि अनुराग के खिलाफ चार प्रकरण दर्ज हैं. लसूड़िया पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है. उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और शहर में हाल में हुई नकबजनी की घटनाओं का मिलान किया जा रहा है, ताकि पता लगाया जा सके कि दोनों किसी अन्य वारदात में भी शामिल रहे हैं या नहीं. मामले में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, अमरेंद्र सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों के आने-जाने का रूट ट्रैक किया था. इसी आधार पर एक आरोपी तक पहुंचने के बाद दूसरे की पहचान हुई. बरामदगी के साथ दोनों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है.
