
सीधी। जिले से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने सरकारी कर्मचारियों की कार्यशैली और संवेदनशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल वीडियो में माटा ग्राम पंचायत के पटवारी नीलेश नामदेव नाला पार करने के लिए बुजुर्ग व्यक्ति के कंधे पर बैठा नजर आ रहा है।
बताया जा रहा है कि पटवारी अपने जूते गीले होने से बचाने के लिए बुजुर्ग की मदद से नाला पार कर रहा था। घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई लोग इसे सरकारी पद की गरिमा और आम लोगों के प्रति व्यवहार से जोड़कर सवाल उठा रहे हैं, जबकि कुछ लोग इसे मौके की परिस्थितियों से जोड़कर देख रहे हैं। वायरल वीडियो की पुष्टि नवभारत नहीं करता लेकिन पटवारी के उक्त कृत्य की लिखित शिकायत कलेक्टर की जनसुनवाई में भी की गई है।
