गोटमार मेले में घायलों के त्वरित उपचार हेतु कलेक्टर द्वारा स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट रहने के दिए निर्देश

पांढुरना, आगामी 11सितंबर को नगर के मध्य से प्रवाहित होने वाली जाम नदी के राधाकृष्ण मन्दिर परिसर वाले क्षत्र में आयोजित होने वाले विश्व प्रसिद्ध गोटमार मेले को लेकर मंगलवार को जिला कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ द्वारा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक लेते हुए मेले के दौरान घायल होने वालों को त्वरित उपचार के निर्देश दिए ।

बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रकाश चंद्र परिहार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनकामना प्रसाद, जिला पंचायत सीईओ अग्रिम कुमार, अपर कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर सुश्री मेघा शर्मा, सीएमएचओ डॉ. अर्चना कैथवास सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

बड़ी और छोटी दोनों एंबुलेंस रहेंगी तैनात 

कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि मेले में बड़ी और छोटी दोनों प्रकार की एंबुलेंस की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि छोटी एंबुलेंस के माध्यम से समीपस्थ एवं ऐसे स्थानों से घायलों को तत्काल मेडिकल कैंप तक पहुंचाया जा सकेगा, जहां बड़ी एंबुलेंस का पहुंचना संभव नहीं हो।

उन्होंने आवश्यक दवाइयों एवं चिकित्सा सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही सामग्री की त्वरित आपूर्ति के लिए वैकल्पिक व्यवस्था तैयार रखने के निर्देश सीएमएचओ को दिए।

मेडिकल कैंप में सभी जरूरी सुविधाएं रहें उपलब्ध

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी मेडिकल कैंपों में पर्याप्त संख्या में पलंग, कुर्सियां, पेयजल, स्ट्रेचर और आवश्यक जांच उपकरण उपलब्ध रहें। उन्होंने चिकित्सा दलों को आपात स्थिति में तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह तैयार रहने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी नियुक्त चिकित्सा दल प्रातः 9 बजे तक अनिवार्य रूप से अपने निर्धारित ड्यूटी स्थल पर पहुंच जाएं। कलेक्टर ने कहा कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।

7 मेडिकल कैंपों में तैनात रहेंगे स्वास्थ्यकर्मी

बैठक में बताया गया कि गोटमार मेले के दौरान स्वास्थ्य विभाग का करीब 300 सदस्यीय अमला चिकित्सा सेवाओं के लिए तैनात रहेगा। मेले में कुल 7 मेडिकल कैंप स्थापित किए जाएंगे। प्रत्येक मेडिकल कैंप में 13 सदस्यीय चिकित्सा दल तैनात रहेगा, जो मौके पर उपचार एवं आवश्यक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराएगा। इसके अलावा सिविल अस्पताल पांढुर्णा में स्वास्थ्य अमला तैनात रहेगा। कलेक्टर ने सभी चिकित्सा दलों के पृथक-पृथक ड्यूटी आदेश जारी करने तथा उनकी जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से निर्धारित करने के निर्देश दिए, ताकि मेले के दौरान किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

Next Post

24 साल पुराने आय से अधिक संपत्ति मामले में कार्यपालन यंत्री को 5 साल की सजा

Tue Sep 8 , 2026
इंदौर. लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के तत्कालीन कार्यपालन यंत्री कैलाशचंद्र परवाल को आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के 24 साल पुराने मामले में विशेष न्यायालय मंडलेश्वर ने पांच साल के सश्रम कारावास और 25 लाख रुपए के अर्थदंड की सजा सुनाई है. फैसला विशेष एवं प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश […]

You May Like