सागर के जहरीली शराब से प्रभावित गांवों में पहुंचे पटवारी, कि जांच की मांग

भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोमवार को सागर जिले के बंडा विधानसभा क्षेत्र में कथित जहरीली शराब त्रासदी से प्रभावित गांवों का दौरा कर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी।

जीतू पटवारी ने छापरी, बम्हूरा, चौका, हिनौती, दलपतपुर, धुरमार, गूगरा और नौराज गांवों का दौरा किया। उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। पटवारी ने आरोप लगाया कि इस त्रासदी में 50 से अधिक लोगों की मौत हुई है और सरकार वास्तविक मृतकों की संख्या छिपाने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि इस घटना ने दर्जनों परिवारों को तबाह कर दिया है और कांग्रेस पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए “सड़क से लेकर सदन तक” संघर्ष करेगी। पटवारी ने सवाल उठाया कि आखिर बड़े पैमाने पर कथित रूप से अवैध और जहरीली शराब गांवों तक प्रशासनिक या राजनीतिक संरक्षण के बिना कैसे पहुंच सकती है।

उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय न्यायिक जांच कराने, दोषियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने तथा कथित अवैध शराब नेटवर्क की जांच की मांग की। साथ ही लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की।

पटवारी ने प्रत्येक प्रभावित परिवार को पर्याप्त आर्थिक मुआवजा तथा मृतक के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। उन्होंने आबकारी मंत्री के इस्तीफे अथवा उन्हें पद से हटाने की भी मांग करते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता पीड़ित परिवारों के साथ खड़े रहेंगे और जवाबदेही तय होने तक संघर्ष जारी रखेंगे।

 

Next Post

आचार्य सुनील सागर महाराज के दर्शन कर श्रद्धालुओं ने लिया आशीर्वाद

Tue Sep 8 , 2026
भोपाल। पद्मावती पोरवाल क्षेत्रीय समिति के श्रद्धालुओं ने आचार्य सुनील सागर महाराज के दर्शन कर श्रीफल समर्पित किया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष सुरेश जैन समरदा, भोपाल विधायक प्रतिनिधि राजेश जैन मुस्कान, दीपेश जैन, भविष्य जैन, उज्ज्वल जैन और प्रयास जैन सहित अन्य श्रद्धालु […]

You May Like