
सिंगरौली। जिले के शासकीय मेडिकल कॉलेज का सांसद डॉ.राजेश मिश्रा एवं कलेक्टर गौरव बैनल निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान जिले के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी भी मौके पर उपस्थित रहे। सांसद ने पहली बार मेडिकल कॉलेज का औपचारिक निरीक्षण करते हुए कॉलेज प्रबंधन से विस्तृत चर्चा की और संस्थान में संचालित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मेडिकल कॉलेज में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद कर पढ़ाई, शैक्षणिक सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली।
भ्रमण के दौरान सांसद व कलेक्टर ने क्लासरूम, प्रयोगशाला लैब, पुस्तकालय और कैंटीन का निरीक्षण किया। उन्होंने व्यवस्थाओं को नजदीक से समझते हुए कॉलेज प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की। कलेक्टर गौरव बैनल ने कॉलेज प्रबंधन को निर्देशित किया कि छात्र-छात्राओं के मनोरंजन और खेल गतिविधियों के लिए एक उपयुक्त स्थान चिन्हित कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की बाधा आती है तो तत्काल प्रशासन को अवगत कराया जाएए ताकि समय रहते समाधान किया जा सके। परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों की भी जानकारी ली गई और संविदाकार को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर सांसद ने कहा कि उनके संसदीय क्षेत्र का यह पहला मेडिकल कॉलेज है, जो इसी वर्ष से प्रारंभ हुआ है। उन्होंने कहा कि सिंगरौली जिले के लिए यह बड़ी सौगात है और प्रदेश सरकार द्वारा स्वास्थ्य शिक्षा के क्षेत्र में यह महत्वपूर्ण कदम है। कॉलेज नवीन रूप से प्रारंभ हुआ है, इसलिए व्यवस्थाएं चरणबद्ध तरीके से पूर्ण की जा रही हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि आगामी शैक्षणिक सत्र से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण रूप से संचालित हो जाएंगी।
