इंदौर: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मनी लॉन्ड्रिंग के एक बड़े मामले में इंदौर सहित मुंबई, बेंगलुरु, जालंधर और कोलकाता में एक साथ कार्रवाई कर करोड़ों रुपए की संपत्ति जब्त की है। यह कार्रवाई पीएमएलए, 2002 के तहत टीपी ग्लोबल एफएक्स/आईएक्स ग्लोबल से जुड़ी कंपनियों – मेसर्स टीएम ट्रेडर्स और मेसर्स केके ट्रेडर्स – के खिलाफ की गई।
ईडी से मिली अधिकृत जानकारी के मुताबिक इस दौरान विदेशी मुद्रा में 6.42 लाख रुपए, 55.74 लाख के सोने के बुलियन, 94 लाख के बैंक बैलेंस, अचल संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज, डिजिटल डिवाइस और आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त कर फ्रीज किए गए हैं।
फर्जी ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म से आम निवेशकों को ठगने का आरोप
ईडी की प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि इन कंपनियों ने फर्जी ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म बनाकर आम लोगों को बड़े मुनाफे का झांसा देकर ठगा और संदिग्ध विदेशी निवेश के माध्यम से मनी लॉन्ड्रिंग की। इंदौर में की गई छापेमारी के दौरान अहम डिजिटल साक्ष्य और बैंकिंग दस्तावेज मिले हैं, जो पूरे नेटवर्क की परतें खोल सकते हैं।
फिलहाल, जब्त दस्तावेजों और उपकरणों की फोरेंसिक जांच जारी है। ईडी सूत्रों के मुताबिक आने वाले दिनों में इस मामले में कई बड़े खुलासे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। इंदौर में मिले सुरागों के आधार पर जांच अब प्रदेशभर में तेज की जा रही है।
