
नयी दिल्ली, 06 सितंबर (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में बीते सप्ताह चीनी 287 रुपये सस्ती हो गयी। चीनी के साथ चावल और गेहूं में भी नरमी रही। वहीं, खाद्य तेलों के भाव बढ़ गये जबकि दालों में उतार-चढ़ाव का रुख देखा गया।
बीते सप्ताह मीठे के बाजार में चीनी का औसत भाव 287 रुपये गिरकर सप्ताहांत पर 5,687 रुपये प्रति क्विंटल रह गया। खुदरा बाजार में भी इसकी औसत कीमत 2.36 रुपये टूटकर 61.52 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गयी। गुड़ का भाव पिछले सप्ताह थोक बाजार में 10 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गया।
सप्ताह के दौरान चावल की औसत कीमत 13 रुपये टूटकर सप्ताहांत पर 4,121 रुपये प्रति क्विंटल रह गयी। गेहूं भी दो रुपये सस्ता हुआ और 2,865 रुपये प्रति क्विंटल बोला गया। वहीं, आटे का भाव 12 रुपये चढ़कर 3,337 रुपये प्रति क्विंटल हो गया।
सप्ताह के दौरान चना दाल की औसत कीमत 29 रुपये और तुअर दाल की 22 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ी। उड़द दाल भी पांच रुपये महंगी हुई। वहीं, मूंग दाल 30 रुपये और मसूर दाल 15 रुपये प्रति क्विंटल सस्ती हो गयी।
बीते सप्ताह पाम ऑयल का औसत भाव 210 रुपये और सूरजमुखी तेल का 100 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गया। सरसों तेल 57 रुपये और मूंगफली तेल 56 रुपये महंगा हुआ। सोया तेल की कीमत 25 रुपये वनस्पति की 22 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी।
