
नर्मदापुरम। सुखतवा नदी में गुरुवार दोपहर बह गए दादा-पोते में से एक, 55 वर्षीय हरिप्रसाद राठौर का शव शुक्रवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने बरामद कर लिया। लेकिन अब भी उनका पांच वर्षीय पोता हर्षू राठौर लापता है, जिसकी तलाश जारी है।
यह हृदयविदारक घटना 5 सितंबर को उस समय हुई, जब दादा-पोता नहाने के लिए नदी किनारे पहुंचे थे। दोपहर करीब 1:30 बजे दोनों नदी में उतरे और फिर लौटकर घर नहीं आए। देर शाम परिजनों ने खोजबीन की तो किनारे पर उनके कपड़े, गमछा और चप्पल मिले।
सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और बचाव दल सक्रिय हुए। देर रात तक सफलता न मिलने पर सुबह से ही एसडीआरएफ ने बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। काफी प्रयासों के बाद हरिप्रसाद का शव नदी के निचले हिस्से से मिला। फिलहाल मासूम हर्षू की तलाश में टीम लगातार जुटी हुई है। पूरे क्षेत्र में इस घटना से गहरा शोक है और लोग बच्चे की सकुशल वापसी की प्रार्थना कर रहे हैं।
