
नारायणगंज। शुक्रवार को नारायणगंज में ईद मिलाद उन नबी का जुलूस बड़े ही धूमधाम और शांतिपूर्ण माहौल में निकाला गया। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने भाईचारे और सौहार्द का परिचय देते हुए इस जुलूस में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। गुरुवार की रात ईसा की नमाज के बाद मदीना मस्जिद में मिलाद का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसके बाद शुक्रवार सुबह 9 बजे मदीना मस्जिद से जुलूसे मोहम्मदिया का आगाज हुआ।
जुलूस में नौ निहाल बच्चे, नौजवान और समाज के बुजुर्ग बड़ी संख्या में शामिल हुए। यह जुलूस मदीना मस्जिद से निकलकर बस स्टैंड, मैली चौराहा, टिकरिया, कुड़मैली होते हुए वापस नारायणगंज ईदगाह पहुंचकर संपन्न हुआ। मार्ग में मुस्लिम भाइयों के घरों पर जुलूस का गर्मजोशी से स्वागत किया गया और प्रसाद वितरण भी किया गया। पूरे रास्ते में धार्मिक नारों की गूंज रही और लोग मोहम्मद साहब की शिक्षाओं को स्मरण करते हुए आगे बढ़ते रहे।
शांति व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए थे। थाना टिकारिया क्षेत्र के अंतर्गत पूरे जुलूस मार्ग पर पुलिस बल तैनात रहा। थाना प्रभारी ने जानकारी देते हुए बताया कि सभी समुदायों के आपसी सहयोग और समझ के कारण यह जुलूस पूर्णतः शांतिपूर्ण रहा। उन्होंने नागरिकों का शांति बनाए रखने के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे और उन्होंने मुस्लिम समुदाय को ईद मिलाद उन नबी की शुभकामनाएं दीं। यह पर्व समाज में भाईचारे, एकता और प्रेम का संदेश देता है तथा सभी को सौहार्द और सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा प्रदान करता है।
