जबलपुर: घमापुर स्थित निर्मला चर्च में वेलंकन्नी माता के आदर में आयोजित नवीना प्रार्थना के सातवें दिवस श्रद्धा और भक्तिभाव का वातावरण रहा। इस अवसर पर सेंट नॉरबर्ट स्कूल, दमोह के फा. रॉक मारियन ओ. प्रेम. ने ध्वजारोहण कर विधिवत मिस्सा बलिदान अर्पित किया। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि माता मरियम पूर्ण समर्पण और विश्वास की प्रतीक हैं। उनका जीवन हमें सिखाता है कि प्रेमपूर्ण प्रार्थना, अच्छे आचरण और दूसरों के प्रति सेवा भाव के माध्यम से लोगों को प्रभु यीशु के चरणों तक पहुंचाया जा सकता है। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर प्रार्थना की।
नवीना प्रार्थना के सातवें दिवस का आयोजन शीतला माई मेन रोड और बाई का बगीचा क्षेत्र के विश्वासियों द्वारा किया गया। इस दौरान पल्ली परिषद के फ्रांसिस मरियान, रवीश चार्ल्स, मनीष चार्ल्स, मारिया चार्ल्स, एनी बाबूलाल सहित क्षेत्र के श्रद्धालुओं की सक्रिय सहभागिता रही। पल्ली पुरोहित फा. फ्रांसिस जेवियर, सचिव शैलेश जॉर्ज एवं संयोजक क्लेमेंट पायस ने माता के सभी भक्तों से नवीना प्रार्थना में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रार्थना और आस्था के इस आयोजन से श्रद्धालुओं को आत्मिक शांति एवं आध्यात्मिक लाभ प्राप्त होता है।
