स्क्रैपिंग के लिए प्रोत्साहन राशि बढ़ाएं वाहन कंपनियां: गडकरी

नयी दिल्ली, 03 सितंबर (वार्ता) सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने वाहन निर्माता कंपनियों से स्क्रैपिंग के लिए प्रोत्साहन राशि बढ़ाने की अपील करते हुए गुरुवार को कहा कि इससे उनकी बिक्री बढ़ेगी और लागत कम होगी। श्री गडकरी ने यहां वाहन निर्माता कंपनियों के संगठन सियाम के 66वें वार्षिक सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि स्क्रैपिंग से वाहन निर्माता कंपनियों को ही फायदा होगा। उन्होंने कहा, “इससे आपकी बिक्री बढ़ेगी, उत्पादन क्षमता में वृद्धि होगी और लागत कम होगी।”

उन्होंने कहा कि कुछ कंपनियों ने इस उद्देश्य के लिए निवेश किया है और उन्हें इसका फायदा भी हो रहा है लेकिन इसमें और कंपनियों को आगे आने की जरूरत है। केंद्रीय मंत्री ने देश में किफायती मास रैपिड ट्रांजिट सिस्टम के विकास पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि मेट्रो की लागत 350 करोड़ रुपये प्रति किलोमीटर है। यह दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु जैसे बड़े शहरों में मुनाफे में रह सकता है लेकिन टियर-2 और टियर-3 शहरों के लिए ऐसे समाधान ढूंढ़ने होंगे जो किफायती हों। पर्वतीय इलाकों में रोपवे इसका एक समाधान हो सकता है।

देश में बसों की मांग और निर्माण क्षमता में अंतर को रेखांकित करते हुए श्री गडकरी ने कंपनियों से अपनी क्षमता बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश में इस समय हर साल एक लाख से अधिक बसों की मांग है जबकि विनिर्माण क्षमता मात्र 70 हजार हे। इसे बढ़ाने की जरूरत है, विशेषकर इलेक्ट्रिक बसों की क्षमता बढ़ाने की उन्होंने अपील की। उन्होंने कंपनियों से ड्राइवरों के प्रशिक्षण की क्षमता बढ़ाने में योगदान देने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि कंपनियां अपने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) कोष से इसमें योगदान दे सकती हैं। इससे दुर्घटनाओं में कमी लाने में भी मदद मिलेगी।

.....

Next Post

व्यापार समझौतों से भारतीय वाहन उद्योग की वैश्विक पहुंच बढ़ेगी: मोदी

Thu Sep 3 , 2026
नयी दिल्ली, 03 सितंबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि हाल में विभिन्न देशों के साथ की गयी मुक्त व्यापार संधियों (एफटीए) से भारतीय वाहन उद्योग की वैश्विक पहुंच बढ़ेगी। वाहन निर्माता कंपनियों के संगठन सियाम के 66वें वार्षिक अधिवेशन में अध्यक्ष शैलेश चंद्रा ने श्री मोदी […]

You May Like

मनोरंजन