सीहोर. खाकी की तत्परता का मामला तब देखने को मिला जब पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया. संयोग से चंद कदमों की दूरी पर 100 डायल के साथ पुलिसकर्मी मौजूद थे. उन्होंंने तत्काल पहुंचकर युवक के मुंह में हाथ डालकर उल्टी कराई और अस्पताल लाकर भर्ती कराया. जानकारी के अनुसार बीती रात मंडी थाने की 100 डायल सोया चौपाल के पास खड़ी थी. सामने ही एक ढाबे के संचालक दो भाईयों के बीच विवाद हो गया. इस दौरान छोटे भाई ने सल्फास का सेवन कर लिया. पुलिस आरक्षक सचिन भानेरिया और रॉबिन को तुरंत वहां पहुंचे. आरक्षक सचिन ने उसके मुंह में उंगलियां डालकर किसी तरह सल्फास की गोलियां बाहर निकाल लीं और उसे उल्टियां भी ेकराई गईं. इसके बाद उसे तुरंत जिला अस्पताल लाया गया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे भोपाल रेफर कर दिया गया है. बताया जा रहा है कि उसकी स्थिति में लगातार सुधार आ रहा है. वह परिजनों से बातचीत कर रहा है. पुलिसकर्मियों द्वारा बरती गई तत्परता से युवक की जान बचने के मामले की लोगों द्वारा मुक्तकंठ से सराहना की गई है.
