
उज्जैन। 14 अगस्त की देर शाम बच्चा जेल के पीछे डी मार्ट मार्ग पर युवक पर कातिलाना हमला हुआ था। नागझिरी पुलिस को हमला करने वालों की तलाश कर रही थी। इसी बीच नीलगंगा थाना पुलिस ने एक युवक को चाकू के साथ हिरासत में लिया। जो हमले में शामिल होना सामने आया।
नीलगंगा थाना पुलिस ने कवेलू कारखाना कलाली के पीछे से शनिवार दोपहर को अमरदीप नगर में रहने वाले सुमित उर्फ राजा वाल्मीकि को चाकू के साथ हिरासत में लिया। जिसके खिलाफ आम्र्स एक्ट का प्रकरण दर्ज कर जेल भेजा गया। उस वक्त तक यह सामने नहीं आया था कि चाकू के साथ हिरासत में आया सुमित 14 अगस्त को बच्चा जेल के पीछे पप्पू गौसर पर हुए कातिलाना हमले का आरोपी है। नागझिरी पुलिस हमले के अज्ञात आरोपियों की तलाश कर रही थी। घटनास्थल के पास से फुटेज मिले थे, वहीं घटनास्थल के आसपास की मोबाइल लोकेशन भी प्राप्त की जा रही थी। जिसमें पता चला कि सुमित नाम के युवक का मोबाइल घटनास्थल पर एक्टिव था, जो नीलगंगा क्षेत्र का रहने वाला है। नागझिरी पुलिस ने नीलगंगा पुलिस से संपर्क किया तो सामने आया कि सुमित को चाकू के साथ गिरफ्तार किया जा चुका है। जिसे जेल भेजा गया है। नागझिरी पुलिस नीलगंगा पहुंची और सुमित की जानकारी जुटाई गई। सुमित पर पूर्व में भी जानलेवा हमले और मारपीट के मामले दर्ज थे। नागझिरी पुलिस अब सुमित का जेल से प्रोटेक्शन वारंट पर लेगी। जानकारी यह भी सामने आई कि हमले में सुमित के साथ रहे 4 साथियों का सुराग भी मिल चुका है। जो शहर से बाहर है। पुलिस की एक टीम उनकी गिरफ्तारी के लिये रवाना हो गई है। एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि कातिलाना हमले के एक आरोपी को पकड़ लिया गया है। उसके चार साथियों को भी जल्द हिरासत में लेकर मामले का खुलासा किया जायेगा।
