सिलीगुड़ी, 02 सितंबर (वार्ता) पश्चिम बंगाल पुलिस ने कर्नाटक पुलिस से 31 बंगलादेशी नागरिकों को अपनी हिरासत में लिया और मंगलवार देर रात उन्हें मालदा के इंग्लिश बाज़ार में बने एक अस्थायी हिरासत केन्द्र में भेज दिया।
अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह समूह कल रात करीब 11:30 बजे ट्रेन से मालदा टाउन रेलवे स्टेशन पहुँचा और इसके बाद पश्चिम बंगाल पुलिस के जवान उन्हें बस से हिरासत केन्द्र ले गए।
सूत्रों के मुताबिक इन बंगलादेशी नागरिकों ने कथित तौर पर बिना वैध दस्तावेजों के भारत में प्रवेश किया था और वे बेंगलुरु में अलग-अलग जगहों पर काम कर रहे थे। भारत में रहने के लिए ज़रूरी वैध कागजात न होने के कारण कर्नाटक पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया था।
खबरों के अनुसार इन 31 लोगों को बेंगलुरु शहर के कम से कम आठ पुलिस थानों के अधिकार क्षेत्र में आने वाली अलग-अलग जगहों से हिरासत में लिया गया था। इस समूह पुरुष, महिलाएं, युवा और बच्चे शामिल हैं; मालदा लाए गए लोगों में कुछ परिवार भी हैं।
अधिकारियों ने अभी तक इनके वापस भेजने की प्रक्रिया के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। बंगलादेश वापस भेजने की औपचारिक प्रक्रिया से पहले उनकी पहचान और नागरिकता की पुष्टि की जाएगी।
उन्होंने बताया कि कानूनी प्रक्रिया और इन्हें वापस भेजने की समय-सीमा के बारे में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।
