फिरौती के लिए युवक का अपहरण कर पहाड़ी पर बनाया बंधक

ग्वालियर: ग्वालियर में तानसेन नगर से संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हुए एक युवक का अपहरण कर शिवपुरी की पहाड़ियों में बंधक बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने अपहृत युवक को सकुशल मुक्त करा लिया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका दूसरा साथी मौके से फरार हो गया।
तानसेन नगर निवासी रवीना कर्ण ने थाना ग्वालियर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके पति वीरू कर्ण बिना बताए कहीं चले गए हैं और उनका मोबाइल भी बंद आ रहा है। पीड़िता की आशंका पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान आरोपियों द्वारा फिरौती की रकम वसूलने के लिए उपलब्ध कराए गए क्यूआर स्कैनर और उससे जुड़े मोबाइल नंबर की लोकेशन के आधार पर पुलिस को शिवपुरी जिले के थाना बैराड़ अंतर्गत ग्राम लक्ष्मीपुरा का सुराग मिला। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और संदेही अरूण बंजारा के संबंध में जानकारी जुटाई। पता चला कि गांव से लगभग 4 किलोमीटर दूर स्थित दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में युवक को बंधक बनाकर रखा गया है।
रात भर चला सर्च ऑपरेशन, युवक मुक्त
पुलिस टीम ने शिवपुरी के पहाड़ी इलाके में रात से सुबह तक लगातार सर्चिंग अभियान चलाया। घने और दुर्गम इलाके में घेराबंदी कर पुलिस ने अपहृत वीरू कर्ण को बरामद कर लिया। पूछताछ में पीड़िता के पति ने बताया कि अरूण बंजारा और वरूण बंजारा ने फिरौती की रकम वसूलने की नीयत से उसका अपहरण किया था और मारपीट कर बंधक बना रखा था।
एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार
पुलिस टीम ने पहाड़ी क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी वरूण बंजारा को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरा आरोपी अरूण बंजारा भौगोलिक परिस्थितियों का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

Next Post

रिश्तेदार बनकर जालसाज ने लगाई 1 लाख की चंपत

Wed Sep 2 , 2026
जबलपुर: घमापुर थाना अंतर्गत शीतलामाई मंदिर के पास बुजुर्ग मूर्तिकार ऑनलाइन धोखाधड़ी का शिकार हो गए। जालसाज ने खुद को रिश्तेदार बताकर बुजुर्ग के खाते में फर्जी क्रेडिट मैसेज भेजे और झांसे में लेकर उनके खाते से 1 लाख पार कर दिए।पुलिस के मुताबिक, शीतलामाई मंदिर के पास घमापुर निवासी […]

You May Like