अमेरिकी रक्षा मंत्री हेगसेथ के साथ मतभेदों के कारण सेना सचिव ड्रिस्कॉल ने इस्तीफ़ा दिया

 

वॉशिंगटन, 01 सितंबर (वार्ता) अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ के साथ लंबे समय से चल रहे मतभेदों के बाद अंतत: सेना सचिव डैनियल ड्रिस्कॉल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
व्हाइट हाउस ने श्री ड्रिस्कॉल के इस्तीफे की खबरों पर कोई आपत्ति नहीं जताई, हालांकि यह अभी स्पष्ट नहीं है कि उनका इस्तीफा औपचारिक रूप से स्वीकार किया गया है या नहीं।
व्हाइट हाउस की एक प्रवक्ता ने रक्षा सचिव ड्रिस्कॉल के कार्यकाल की तारीफ़ करते हुए कहा कि उन्होंने सेना की तैयारी को मज़बूत किया और रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म करने के मकसद से हुई बातचीत में योगदान दिया। सेना ने इस पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
रिपोर्ट के मुताबिक श्री ड्रिस्कॉल और श्री हेगसेथ के बीच तनाव मुख्य रूप से सेना के आधुनिकीकरण की योजनाओं को लेकर था, जिसमें सस्ते और ज़्यादा तेज हथियारों की ओर बढ़ने की कोशिशें शामिल थीं। दोनों के बीच श्री हेगसेथ द्वारा वरिष्ठ जनरलों को हटाए जाने को लेकर भी मतभेद थे, जिन्हें श्री ड्रिस्कॉल सैन्य सुधारों के लिए महत्वपूर्ण मानते थे।
उप राष्ट्रपति जेडी वेंस के साथ लॉ स्कूल में सहपाठी रहे श्री ड्रिस्कॉल, श्री हेगसेथ के नेतृत्व में पद छोड़ने वाले सबसे नए वरिष्ठ सैन्य अधिकारी हैं।
गौरतलब है कि अप्रैल में रैंडी जॉर्ज को आर्मी चीफ ऑफ़ स्टाफ़ के पद से हटा दिया गया था, जबकि जून में जनरल क्रिस्टोफर डोनाह्यू ने अचानक अमरीकी सेना यूरोप और अफ्रीका के कमांडर का पद छोड़ दिया था। नौसेना सचिव जॉन फेलन ने भी अप्रैल में पद छोड़ दिया था, वह राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल के दौरान पद छोड़ने वाले अमरीकी सैन्य सेवा के पहले प्रमुख थे।
रक्षा सचिव ड्रिस्कॉल को फरवरी 2025 में सैन्य सचिव के तौर पर मंज़ूरी मिली थी।
अमरीकी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने हथियारों की खरीद के लिए ज़्यादा किफायती और फुर्तीले तरीके की वकालत की और बड़े रक्षा ठेकेदारों की सार्वजनिक रूप से आलोचना की।
उन्होंने रूस-यूक्रेन संघर्ष को खत्म करने पर केंद्रित बातचीत में हिस्सा लेकर सैन्य सचिव के तौर पर एक असामान्य कूटनीतिक भूमिका भी निभाई।
श्री ड्रिस्कॉल इससे पहले इराक में सेवा दे चुके हैं। उन्होंने 2020 में कांग्रेस का चुनाव लड़ने का असफल प्रयास किया था और बाद में राष्ट्रपति ट्रंप के 2024 के राष्ट्रपति चुनाव अभियान को सलाह दी थी।

.....

Next Post

तमिलनाडु के मंदिरों की पवित्रता बनाए रखने के लिए 1 सितंबर से सभी मंदिरों में श्रद्धालुओं के मोबाइल फोन ले जाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है

Tue Sep 1 , 2026
चेन्नई, तमिलनाडु के हिंदू धार्मिक और बंदोबस्ती विभाग ने मंदिरों की आध्यात्मिक गरिमा और पवित्रता को सुरक्षित रखने के लिए एक कड़ा निर्णय लिया है। इसके तहत आज से राज्य के सभी प्रमुख मंदिरों में भक्तों के प्रवेश पर मोबाइल फोन और कैमरों के इस्तेमाल पर पूरी तरह से रोक […]

You May Like

मनोरंजन