
मुलताई। मां ताप्ती और मुलतापी नगर की विरासत, संस्कृति एवं भविष्य को सोशल मीडिया के माध्यम से देश-दुनिया तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित मुलतापी रील मेकिंग प्रतियोगिता सीजन-3 का रविवार को पुरस्कार वितरण समारोह एवं क्रिएटर मीटअप के साथ भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता में मुलताई सहित बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुरना, नागपुर क्षेत्रों के कुल 35 क्रिएटर्स ने भाग लिया और “मुलताई की विरासत, संस्कृति और भविष्य” विषय पर कुल 33 रीलें तैयार की गईं।प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए
पारड़सिंगा निवासी निखिल साहू ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्हें राकेश पल्लू अग्रवाल की ओर से 11 हजार रुपए नगद प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं अमरावती घाट निवासी लोकेश अलोने ने द्वितीय स्थान हासिल किया, जिन्हें नीरज ठाकरे की ओर से 5 हजार 1 सौ नगद पुरस्कार दिया गया। मुलताई निवासी कृष्णा पवारे ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जिन्हें अनीश नायर की ओर से 21 सौ रुपए नगद पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं 12 वर्षीय रोसेश सोनी को यंगेस्ट क्रिएटर का अवार्ड दिया गया। सभी प्रतिभागियो को प्रशस्ति पत्र, शील्ड और मेडल प्रदान किए गए।कार्यक्रम में बैतूल जिले के मशहूर क्रिएटर बासु ठाकरे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं अमन उइके, ज्योति कवड़े और कशिश उइके विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। प्रतियोगिता की रीलों के मूल्यांकन के लिए भोपाल से कपिल धोटे, बैतूल से शिवम् वाडिवा और रोहित अहाके जजमेंट पैनल में शामिल रहे।
कार्यक्रम के दौरान क्रिएटर्स ने अपने अनुभव साझा किए और सोशल मीडिया के माध्यम से स्थानीय इतिहास, संस्कृति, पर्यटन एवं धार्मिक विरासत को व्यापक स्तर पर प्रचारित करने को लेकर विचार-विमर्श किया। आयोजकों ने कहा कि मुलतापी रील मेकिंग प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं, बल्कि स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने के साथ मुलताई की पहचान और मां ताप्ती की महिमा को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर नई पहचान दिलाना है।समारोह में ताप्ती मंदिर के पुजारी सौरभ जोशी, राजू पाटनकर, संदीप भार्गव, महेश खत्री, दीपक सोलंकी, हामिद सनम, नारद सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं क्रिएटर्स मौजूद रहे। पुरस्कार वितरण के साथ सीजन-3 का सफल समापन हुआ और आगामी अक्टूबर माह में सीजन 4 के आयोजन होगा.
