भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को आयोजित मंत्रिमंडल बैठक में राज्य कर्मचारियों के तबादलों की अंतिम तारीख बढ़ाने का निर्णय लिया गया। सरकार ने कर्मचारियों को राहत देते हुए तबादला प्रक्रिया के लिए एक दिन का अतिरिक्त समय प्रदान किया है। अब विभागीय स्तर पर आज रात 12 बजे तक स्थानांतरण आदेश जारी किए जा सकेंगे।
इससे पहले 20 मई को हुई कैबिनेट बैठक में प्रदेश की तबादला नीति को स्वीकृति दी गई थी। इसके बाद सामान्य प्रशासन विभाग ने 22 मई को आदेश जारी कर सभी विभागों को 15 जून तक तबादले की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए थे। अब समय सीमा में 24 घंटे की बढ़ोतरी कर दी गई है।
बैठक में इंदौर मेट्रो रेल परियोजना के संशोधित प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। परियोजना की लागत में बढ़ोतरी को देखते हुए इसका बजट करीब 7,500 करोड़ रुपए से बढ़ाकर 12,900 करोड़ रुपए कर दिया गया है। सरकार ने परियोजना की वर्तमान जरूरतों और बढ़ते खर्च को ध्यान में रखते हुए संशोधित लागत को स्वीकृति प्रदान की।
