खिलचीपुर: खिलचीपुर नगर के मुख्य मार्ग पर आये दिन घंटो तक जाम के हालातों से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. शनिवार को मुख्य मार्ग पर इमली स्टैंड से झालावाड़ नाके तक दो घंटे तक करीब डेढ़ किमी लम्बा जाम लगा जिसमें सैकड़ो वाहन फंसे रहे.गौरतलब है कि इमली स्टेण्ड से झालावाड़ नाके तक मैन रोड पर काफी व्यस्त यातायात रहता है. दुकानों के सामने काफी आगे तक सामान रखने, यहां-वहां चार पहिया वाहन, हाथ ठेले खड़े रहने से मार्ग पर बहुत ही कम जगह रह जाती है. शनिवार की दोपहर बाद 4 बजे जाम लगने लगा. करीब दो घंटे तक इमली स्टेण्ड से झालावाड़ नाके तक भारी जाम रहा.
बाधा पहुंचाने पर कार्यवाई
जाम लगने की जानकारी लगते ही टीआई उमाशंकर मुकाती पुलिस और प्रशासनिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे तथा जाम को खुलवाने के प्रयास में जुट गये. साथ ही यातायात एवं बाजार बैठक व्यवस्था में बाधा पहुंचाने वालो को हिदायत दी. जब अमले द्वारा कार्यवाई की जा रही थी तभी फलौदी लॉज के नीचे मौजूद एक गल्ला व्यापारी की दुकान के यह पर सडक़ पर खड़े वाहन एवं अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही थी तभी व्यापारी कार्रवाई का विरोध करते हुए बहसबाजी करने लगा.
इस पर व्यापारी के वाहन एवं अन्य यातायात में अवरोधक बन रहे वाहनों को जप्त कर थाने ले जाया गया. इमली स्टेण्ड से झालावाड़ नाके तक सडक़ पर खड़े वाहनों, ठेले और अस्थाई अतिक्रमण को हटाते हुए मार्ग पर यातायात सुगम किया गया. प्रशासनिक अमले द्वारा कहा गया कि भविष्य में यातायात एवं बाजार व्यवस्था को बाधित करने वालों पर सख्त कार्यवाई की जाएगी
