
इंदौर। केतन हत्याकांड की जांच में पुलिस को कई अहम सुराग मिले हैं। जांच के दौरान सामने आया है कि मुख्य आरोपी सिया ने वारदात से पहले अपने मोबाइल फोन पर चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड से जुड़ी खबरें और जानकारियां पढ़ी थीं। पुलिस के अनुसार, मोबाइल की ब्राउजिंग हिस्ट्री में इस मामले से संबंधित कई सर्च मिले हैं। जांच एजेंसियों के मुताबिक, सिया ने यह भी इंटरनेट पर खोजा था कि पुलिस हिरासत के दौरान महिला आरोपियों के साथ किस तरह की पूछताछ की जाती है और क्या कस्टडी में मारपीट होती है।
पुलिस इन डिजिटल साक्ष्यों को मामले की जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा मान रही है और मोबाइल से मिले अन्य डेटा की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे बढ़ाई जा रही है। मोबाइल फोन, कॉल डिटेल, चैट और अन्य डिजिटल रिकॉर्ड की फोरेंसिक जांच भी कराई जा रही है, ताकि घटना से जुड़े सभी तथ्यों का पता लगाया जा सके। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने और सभी साक्ष्य सामने आने के बाद ही मामले के संबंध में अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा।
