
नीमच। समाज के सोशल मीडिया ग्रुप में साझा की गई एक राजनीतिक पोस्ट को लेकर शुरू हुआ विवाद अब पुलिस थाने तक पहुंच गया है। रतनगढ़ में कांग्रेस नेता एवं पूर्व जनपद अध्यक्ष सत्यनारायण पाटीदार सहित तीन लोगों के खिलाफ मारपीट और जान से मारने की धमकी के आरोप में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने सत्यनारायण पाटीदार को नोटिस जारी कर जांच में शामिल होने के निर्देश दिए हैं।
रतनगढ़ पुलिस के अनुसार ग्राम बोरदिया निवासी ईश्वरलाल पाटीदार की शिकायत पर सत्यनारायण पाटीदार, लक्ष्मीनारायण पाटीदार और राहुल पाटीदार के खिलाफ बीएनएस की धाराओं 112(2), 296(बी), 351(3) और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
शिकायत के अनुसार समाज के सोशल मीडिया ग्रुप में राजनीतिक पोस्ट को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि इसके बाद सत्यनारायण पाटीदार अपने साथियों के साथ ईश्वरलाल पाटीदार के घर पहुंचे और उनके साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
थाना प्रभारी बीएल भाभर ने नोटिस जारी किए जाने की पुष्टि की है। पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
पाटीदार ने लगाए राजनीतिक साजिश के आरोप
वहीं, कांग्रेस नेता सत्यनारायण पाटीदार ने मामले को राजनीतिक साजिश बताया है। उनका कहना है कि उनके खिलाफ झूठा प्रकरण दर्ज कराया गया है। पाटीदार के मुताबिक उनका कोई मेडिकल नहीं हुआ है और केवल शिकायत के आधार पर बयान के लिए नोटिस जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस जांच में पूरी सच्चाई सामने आ जाएगी।
पाटीदार ने दावा किया कि उन्होंने एसपी से मुलाकात कर मामले से संबंधित साक्ष्य भी प्रस्तुत किए हैं। उनका कहना है कि घटना के समय वे घटनास्थल पर मौजूद नहीं थे। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक संरक्षण के चलते उनका नाम मामले में शामिल किया गया है।
पाटीदार ने यह भी दावा किया कि शिकायतकर्ता के साथ उनका पूर्व से जमीन संबंधी विवाद न्यायालय में विचाराधीन था। उनके अनुसार, न्यायालय से उनके पक्ष में डिक्री होने के बाद उन्हें साजिश के तहत इस मामले में फंसाया गया है।
पूर्व जनपद अध्यक्ष और विधानसभा प्रत्याशी रह चुके हैं पाटीदार
सत्यनारायण पाटीदार क्षेत्र की राजनीति में सक्रिय कांग्रेस नेता हैं। वे पूर्व में जनपद अध्यक्ष रह चुके हैं और नीमच विधानसभा क्षेत्र से विधानसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं। ऐसे में उनके खिलाफ दर्ज प्रकरण और पुलिस नोटिस के बाद मामला राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है।
फिलहाल पुलिस जांच जारी है। शिकायत में लगाए गए आरोप सही हैं या पाटीदार द्वारा लगाए गए राजनीतिक साजिश के आरोपों में कोई तथ्य सामने आता है, यह जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर स्पष्ट होगा।
