
वॉशिंगटन। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर एक बार फिर सख्त बयान दिया है। उन्होंने कहा कि ईरान की वायु रक्षा प्रणाली, वायु सेना, नौसेना और नेतृत्व पूरी तरह खत्म हो चुका है और अब वे बातचीत करना चाहते हैं, लेकिन उनके लिए बहुत देर हो चुकी है।
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर कहा, Their air defense, Air Force, Navy, and Leadership is gone. They want to talk. I said ‘Too Late! यानी ईरान की सैन्य क्षमताएं कमजोर हो चुकी हैं और अब वह वार्ता की पेशकश कर रहा है, जिसे उन्होंने अस्वीकार कर दिया है।
उनके इस बयान को अमेरिका और ईरान के बीच लंबे समय से चले आ रहे तनाव के संदर्भ में देखा जा रहा है। दोनों देशों के बीच परमाणु कार्यक्रम, क्षेत्रीय सुरक्षा और प्रतिबंधों को लेकर लगातार मतभेद रहे हैं। ट्रंप के इस कड़े रुख से साफ संकेत मिलता है कि वह ईरान के प्रति अपनी पूर्व की आक्रामक नीति पर कायम हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस बयान के बाद क्षेत्रीय और वैश्विक राजनीति में हलचल तेज हो सकती है, क्योंकि मध्य पूर्व की स्थिरता पर इसका असर पड़ सकता है।
