नयी दिल्ली 05 मई (वार्ता) केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को उत्तराखंड में खेती किसानी की समीक्षा की और राज्य को सभी प्रकार के सहयोग का आश्वासन दिया।
श्री चौहान ने राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के साथ देहरादून में उत्तराखंड की कृषि व्यवस्था पर विचार विमर्श किया। इस दाैरान केंद्र और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के बाद श्री चाैहान ने कहा कि विचार-विमर्श का मुख्य केंद्र उत्तराखंड की कृषि में केंद्र सरकार के योगदान और
उत्पादकता बढ़ाने पर केंद्रित रहा। चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य में ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ को एक मुख्य संस्थान के रूप में स्थापित करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में कृषि के क्षेत्र में अद्भुत काम हुआ है। जब नया राज्य बना तो खेती का क्षेत्रफल में कम हो गया, लेकिन उत्पादन लगातार बढ़ता जा रहा है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि महिलाओं के स्व सहायता समूह, किसान उत्पादक संघ, कृषि उत्पादों के एकत्रीकरण, ब्रांडिंग, मार्केटिंग, जीआईटेक जैसे मसलों पर राज्य को हर प्रकार का सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने इसके लिए लाल चावल, बाजरा और जंगली शहद का उल्लेख किया। इसके एक विशेष दल राज्य में भेजा जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास के लिए पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में व्यापक सर्वेक्षण किया जा रहा है। कच्चे आवासों में भी रहने वाले लोगों को पक्का मकान प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण में सब बसाहटों को सम्मिलित कर लिया जाएगा। लखपति दीदी अभियान पर उत्तराखंड सरकार बहुत तेजी से काम कर रही है। इसके लिए भी आवश्यक धनराशि प्रदान की जाएगी।
