भोपाल। नगर निगम मुख्यालय परिसर में शनिवार को उस वक्त हंगामा हो गया, जब दो अधिकारियों के बीच काम को लेकर तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। मामला लिंक रोड नंबर-2 स्थित नगर निगम मुख्यालय का है। नरेला विधानसभा के स्वास्थ्य अधिकारी (HO) सुमंदर शर्मा और जोन-19 के सहायक स्वास्थ्य अधिकारी (AHO) बलवीर मलिक के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मलिक ने जूता निकालने की कोशिश की। हालांकि, मौके पर मौजूद दूसरे AHO ने उन्हें रोक दिया।
विवाद के दौरान बलवीर मलिक अपनी सरकारी जीप के पास पहुंचे और उसमें रखा इस्तीफा निकालकर दिखाया। उन्होंने कहा कि वह इस्तीफा हमेशा अपने साथ रखते हैं। इसी दौरान उन्होंने यह भी कहा कि वे गलत होने पर मंत्री की भी नहीं सुनते।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार को अपर आयुक्त अंजू कुमार ने नगर निगम के दरोगाओं की बैठक ली थी। बैठक खत्म होने के बाद निगम मुख्यालय के बाहर सुमंदर शर्मा और बलवीर मलिक के बीच बहस शुरू हो गई। दोनों अधिकारी एक ही जोन में पदस्थ हैं, जिनमें सुमंदर शर्मा वरिष्ठ और बलवीर मलिक जूनियर अधिकारी हैं।
मलिक ने लगाए जलील करने के आरोप
विवाद के दौरान AHO बलवीर मलिक ने आरोप लगाया कि उन्हें लगातार जलील किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बैठक में उनके साथ बदतमीजी की गई और ऐसी बातें वह पिछले कुछ समय में करीब दस बार सुन चुके हैं।
मलिक के मुताबिक, वह करीब 30 साल से नगर निगम में नौकरी कर रहे हैं और जोनल अधिकारी भी रह चुके हैं। उन्होंने कहा कि गुस्से में उन्होंने मंत्री की भी बात नहीं सुनने वाली बात कही।
