ब्राजील के रियो डी जेनेरो में पुलिस की बड़ी कार्रवाई में 64 लोगों की मौत

रियो डी जेनेरियो, 29 अक्टूबर (वार्ता/सिन्हुआ) ब्राजील के रियो डी जेनेरियो के कॉम्प्लेक्सो डू अलेमाओ और पेन्हा फेवेलस में ‘कोमांडो वर्मेलो’ आपराधिक समूह के खिलाफ मंगलवार को एक बड़े सुरक्षा अभियान में कम से कम 64 लोग मारे गए जबकि 81 लोग गिरफ्तार किए गए। यह जानकारी आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को दी।
रियो डी जेनेरो राज्य सरकार ने इस कार्रवाई को रियो के इतिहास में सबसे घातक अभियान करार दिया जिसमें 2,500 से ज़्यादा नागरिकों एवं सैन्य पुलिस अधिकारियों ने हिस्सा लिया और इसमें दोनों परिसरों के 26 समुदायों को निशाना बनाया गया। अधिकारियों ने कहा कि मारे गए लोगों में 56 कथित ‘कोमांडो वर्मेलो’ के सदस्य और कई पुलिस अधिकारी शामिल हैं। अधिकारियों ने 31 राइफलों के साथ-साथ अन्य हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक भी ज़ब्त किया है।
पुलिस ने एक साल से ज़्यादा चली जांच से जुड़े 69 गिरफ़्तारी वारंट और 180 तलाशी वारंट पर अमल करने की कोशिश की। हिरासत में लिए गए लोगों में चापाडाओ इलाके में हिंसा भड़काने का आरोपी ‘कोमांडो वर्मेलो’ का एक संदिग्ध नेता भी शामिल है।
रियो राज्य के गवर्नर क्लाउडियो कास्त्रो ने इस अभियान को राज्य की ओर से नार्कोटेरोरिज्म के खिलाफ प्रतिक्रिया बताया और कहा कि इसका उद्देश्य रियो के आसपास एवं पड़ोसी नगरपालिकाओं में गिरोह के क्षेत्रीय विस्तार को रोकना है। अधिकारियों ने कहा कि गिरोह के सदस्यों ने पेन्हा परिसर में सुरक्षा बलों और नागरिकों पर विस्फोटक हमला करने के लिए ड्रोन का उपयोग किया। इस अभियान में हेलीकॉप्टर, ड्रोन, बख्तरबंद वाहन, विध्वंस इकाइयां और एम्बुलेंस तैनात की गईं।
स्थानीय अभियोजकों ने कहा कि ‘कोमांडो वर्मेलो’ द्वारा एक्सप्रेसवे से सटे फवेला को मादक पदार्थों एवं हथियारों की तस्करी के लिए रणनीतिक ठिकानों के रूप में उपयोग किया जाता है। सरकारी अभियोजक कार्यालय ने 67 लोगों के खिलाफ मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल होने और तीन लोगों पर यातना देने का आरोप दायर किया है। पुलिस ने कहा कि अभियान जारी है तथा और ज्यादा लोगों के घायल होने की सूचना मिली है।

Next Post

मेक्सिको ने कथित मादक पदार्थ जहाजों पर अमेरिकी हमलों का किया विरोध

Wed Oct 29 , 2025
मेक्सिको सिटी, 29 अक्टूबर (वार्ता) मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम ने मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में संदिग्ध मादक पदार्थों की तस्करी कर रहे जहाजों पर हाल ही में हुए अमेरिकी हमलों का विरोध किया और एक बचे हुए जीवित व्यक्ति के लिए बचाव अभियान शुरू करने की पुष्टि की। मेक्सिको […]

You May Like