
बगदाद, 22 अगस्त (वार्ता) इराक के राष्ट्रपति निजार अमीदी ने कहा है कि उनका देश किसी अन्य देश पर हमले के लिए इराकी क्षेत्र के इस्तेमाल को स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि इराक के भीतर से क्षेत्र के किसी भी देश के खिलाफ किये जाने वाले हमलों का कोई औचित्य नहीं है। श्री अमीदी ने बगदाद डायलॉग सम्मेलन के आठवें संस्करण के दूसरे दिन कहा कि इराक में केवल ‘दो या तीन’ सशस्त्र गुट ऐसे हैं, जिन्होंने अभी तक अपने हथियार सरकार को नहीं सौंपे हैं। उन्होंने कहा कि हथियारों को राज्य के नियंत्रण में लाने के प्रयासों को लेकर बातचीत जारी है। उन्होंने कहा, “संविधान में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि हथियार राज्य के नियंत्रण में होने चाहिए और नजफ में धार्मिक प्राधिकार भी इसी का आह्वान करता है।”
श्री अमीदी ने कहा कि सभी पक्ष इस बात को लेकर प्रतिबद्ध हैं कि इराक को क्षेत्र में जारी युद्ध में घसीटे जाने से रोका जाये। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय संघर्ष के प्रभाव “हमारे देश के लिए काफी कठोर” रहे हैं। उन्होंने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य का संकट केवल इराक को नहीं बल्कि पूरी दुनिया को प्रभावित करता है। उन्होंने बताया कि बगदाद जलडमरूमध्य की जटिल समस्याओं को लेकर ईरान के साथ बातचीत कर रहा है। श्री अमीदी ने कहा कि इराकी तेल लेकर जाने वाले कई जहाजों को होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने में मदद की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि उनका मानना है कि अमेरिका युद्ध समाप्त करने के लिए एक समझौता चाहता है।
