सिंगरौली :मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत जिला आपूर्ति अधिकारी पीसी चंद्रवंशी एवं उपायुक्त सहकारिता पीके मिश्रा द्वारा विकासखंड चितरंगी के बगदरा क्षेत्र में शासकीय उचित मूल्य दुकान बीछी एवं बगदरा का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने उचित मूल्य दुकानों पर उपस्थित पात्र हितग्राहियों से राशन वितरण की व्यवस्था एवं खाद्यान्न प्राप्ति के संबंध में संवाद किया। हितग्राहियों ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार माह अगस्त एवं सितंबर की राशन सामग्री माह अगस्त में ही दो माह की एकमुश्त उपलब्ध कराई जा रही है।
अधिकारियों ने उचित मूल्य दुकानों के विके्रताओं को निर्देशित किया कि दुकानें निर्धारित दिवस एवं समय पर नियमित रूप से खोली जाएं तथा सभी पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार खाद्यान्न सामग्री का वितरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जिन हितग्राहियों की ई-केवाईसी अभी तक पूर्ण नहीं हुई है, उनकी ई-केवाईसी शीघ्रता से शत-प्रतिशत पूर्ण कराने के निर्देशित किया। निरीक्षण के दौरान उपस्थित हितग्राहियों को भी ई-केवाईसी के महत्व की जानकारी दी गई। उन्हें समझाइश दी गई कि जिन हितग्राहियों की ई-केवाईसी अभी तक नहीं हुई है, वे उचित मूल्य दुकान पर स्थापित पीओएस मशीन के माध्यम से अनिवार्य रूप से ई-केवाईसी पूर्ण कराएं, ताकि आगामी माहों में खाद्यान्न सामग्री प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
