
सिंगरौली । श्री नारायण सेवा समिति व्यापार मंडल बैढ़न द्वारा रामलीला मैदान बैढ़न में आयोजित शिव महापुराण कथा के दूसरे संत श्री स्वामी लवदास महाराज जी ने भगवान शिव की महिमा, शिव आराधना के महत्व तथा मानव जीवन को प्रभु भक्ति के माध्यम से सार्थक बनाने का संदेश दिया।
संत श्री लवदास महाराज ने भगवान शिव के स्वरूप और उनकी महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि महादेव करुणा, त्याग, तपस्या और सरलता के प्रतीक हैं। भगवान शिव को भोलेनाथ इसलिए कहा जाता है, क्योंकि वे अपने भक्तों की सच्ची श्रद्धा और भावना से प्रसन्न हो जाते हैं। शिव आराधना में आडंबर से अधिक मन की पवित्रता और सच्ची श्रद्धा का महत्व है। आगे फरमाया कि मनुष्य को दुर्लभ मानव जीवन केवल भौतिक सुख प्राप्त करने में व्यर्थ नहीं करना चाहिए। जीवन का वास्तविक उद्देश्य अपने कर्मों को पवित्र बनाना, जरूरतमंदों की सेवा करना, माता-पिता और बुजुर्गों का सम्मान करना तथा भगवान की भक्ति में मन लगाना है। उन्होंने कहा कि धन,पद और प्रतिष्ठा आज हैं तो कल नहीं भी हो सकते, लेकिन अच्छे कर्म और प्रभु का नाम जीवनभर साथ रहते हैं। इस अवसर पर मंत्री राधा सिंह, विधायक रामनिवास शाह, राजेन्द्र मेश्राम, जिलाध्यक्ष सुन्दरलाल शाह, ननि अध्यक्ष देवेश पाण्डेय, डॉ. डीके मिश्रा, मिथिलेश मिश्रा, राजाराम केसरी, सत्यनारायण सोनी समेत अन्य मौजूद रहे।
