नयी दिल्ली / सिंगापुर , 20 अगस्त (वार्ता) केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट कार्य मंत्री निर्मला सीतारमण ने बुधवार को चौथी भारत-सिंगापुर मंत्रिस्तरीय गोलमेज बैठक (आईएसएमआर) के अवसर पर वहां सिंगापुर के परिवहन मंत्री एवं वित्त राज्य मंत्री जेफ्री सिओ से अलग से मुलाकात की।
वित्त मंत्रालय के अनुसार दोनों मंत्रियों ने आपसी हित के मुद्दों तथा भारत और सिंगापुर के बीच आर्थिक एवं वित्तीय सहयोग को और मजबूत करने के उपायों पर चर्चा की।
मंत्रालय के अनुसार यह बैठक दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंधों को और गहरा करने के व्यापक प्रयासों का हिस्सा थी।
इससे पहले केंद्रीय वित्त और कॉर्पोरेट मामलों की मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज ही वहां प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग से मुलाकात की। इस मुलाकात में उनके साथ विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर, वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी तथा वाणिज्य और उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद भी मौजूद थे।
दोनों पक्ष के नेताओं ने इस अवसर पर भारत-सिंगापुर ‘व्यापक रणनीतिक साझेदारी’ की वृहद योजना को लागू करने में हुई प्रगति पर चर्चा की। साथ ही, उन्होंने आर्थिक सहयोग, डिजिटलीकरण, कनेक्टिविटी, कौशल विकास और स्थिरता जैसे क्षेत्रों में आपसी सहयोग को और मजबूत करने के तरीकों पर भी बातचीत की।
भारतीय मंत्रियों का यह दल दोनों देशों के बीच नियमित मंत्री स्तरीय वार्ताओं के सिलसिले में सिंगापुर गया हुआ है।
