1100 किमी पीछा कर पकड़ा भू माफिया जफर खान को

इंदौर: प्लॉट बेचने के नाम पर लोगों से लाखों रुपए लेकर फरार चल रहे भू माफिया जफर खान को चंदन नगर पुलिस ने महाराष्ट्र के धुले से गिरफ्तार किया है. आरोपी पर फर्जी दस्तावेजों के जरिए जमीनों के सौदे करने और कई लोगों से धोखाधड़ी करने के आरोप हैं. पुलिस पूछताछ में उसके कब्जे से जमीन संबंधी दस्तावेज भी जब्त किए हैं.
चंदन नगर में रहने वाला जफर खान के खिलाफ प्लॉट बेचने के नाम पर 25 लाख रुपए लेने और बाद में न प्लॉट देने न राशि लौटाने की शिकायत मिली थी. जांच में सामने आया कि आरोपी ने गीता पैलेस कॉलोनी में प्लॉट नम्बर 221 का सौदा फरियादी मोहम्मद मुश्ताक खान से किया था.

राशि लेने के बाद पता चला कि वही प्लॉट पहले किसी अन्य व्यक्ति को बेचा जा चुका था. पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने अन्य लोगों के साथ भी इसी तरह की धोखाधड़ी की है. अब तक करीब 30 पीड़ित सामने आ चुके हैं, जिनसे प्लॉट के नाम पर रुपए लेकर सौ रुपए के स्टांप पर नोटरी कराई गई, लेकिन न तो प्लॉट दिए गए और न ही रुपए लौटाए. मामला दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गया था.

पुलिस को सूचना मिली कि वह गुजरात, महाराष्ट्र और कर्नाटक में ठिकाने बदलकर रह रहा है. तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी लोकेशन बेंगलुरु में मिली. वहां से निकलने के बाद पुलिस टीम ने करीब 1100 किलोमीटर पीछा कर उसे महाराष्ट्र के धुले से पकड़ा. आरोपी को न्यायालय में पेश कर चार दिन की रिमांड पर लिया है. पूछताछ में उसके कब्जे से जमीन संबंधी दस्तावेज और नोटरी बरामद किए हैं. पुलिस अन्य पीड़ितों और उससे जुड़े मामलों की भी जांच कर रही है.

अन्य शिकायतों की जांच की जा रही
आरोपी लंबे समय से फरार था और अलग अलग राज्यों में ठिकाने बदल रहा था. तकनीकी साक्ष्यों की मदद से उसे महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया है. पूछताछ में जमीन संबंधी धोखाधड़ी के कई मामलों की जानकारी सामने आई है. अन्य पीड़ितों की शिकायतों की भी जांच की जा रही है.
– एसीपी अन्नपूर्णा, शिवेंदु जोशी

Next Post

युवक को सीधे जेल भेजना पड़ा भारी, हाईकोर्ट ने तलब किया एसीपी को

Wed Aug 5 , 2026
इंदौर: मारपीट के एक मामले में कानूनी प्रक्रिया का पालन किए बिना युवक को सीधे जेल भेजना इंदौर पुलिस को भारी पड़ गया. मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने इस कार्रवाई और अपने रिहाई आदेश के पालन में हुई देरी पर कड़ी नाराजगी जताते हुए खजराना एसीपी को व्यक्तिगत रूप से तलब किया […]

You May Like