
सीधी/रामपुर नैकिन। रामपुर नैकिन थाना के समीप रायखोर के वार्ड क्रमांक 6 में गुरुवार सुबह करीब 9 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में 40 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब सड़क पर अचानक आए गौवंश को बचाने के प्रयास में बल्कर वाहन चालक ने नियंत्रण खो दिया और वाहन सड़क की पटरी से उतरकर पलट गया।
हादसे के दौरान सड़क से गुजर रहीं सुनीता साहू पति दिनेश साहू उम्र 40 वर्ष बल्कर की चपेट में आ गईं। गंभीर रूप से घायल सुनीता साहू ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। बताया गया है कि सुनीता अपने घर से दूध पहुंचाने के लिए पड़ोसी के घर जा रही थीं। इसी दौरान अचानक हुए हादसे ने उनकी जान ले ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग के अधिकारी, नायब तहसीलदार, हल्का पटवारी सहित प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और घटना की जानकारी ली। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और मातम का माहौल रहा।
आक्रोशित परिजनों ने किया धरना प्रदर्शन-
रायखोर में 40 वर्षीय महिला की बल्कर की चपेट में आने से दर्दनाक मौत के बाद परिजनों का आक्रोश फूटा पड़ा। उनके द्वारा मौके पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया गया। मौके पर मौजूद राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों की समझाइश के बाद करीब एक घंटे में धरना समाप्त हुआ और वाहनों की आवाजाही शुरू हुई।
आवारा गौ वंशो पर फिर उठे सवाल-
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा सड़क पर आए गौवंश को बचाने के प्रयास में हुआ। हालांकि, इस घटना ने सड़क पर खुले में घूमने वाले गौवंश की समस्या को एक बार फिर सामने ला दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़कों पर लगातार घूमने वाले गौवंश के कारण वाहन चालकों के सामने अचानक दुर्घटना का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क पर घूमने वाले गौवंश की उचित व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। इस हादसे में एक परिवार ने अपना सदस्य खो दिया, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
