जब जब संविधान पर हमला हुआ, कांग्रेस ढाल बनकर रही : अहिरवार

ग्वालियर । शहर जिला कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग, ग्वालियर द्वारा आज चेतकपुरी के तोरण वाटिका में बृहद कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में अनुसूचित जाति वर्ग के कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में म.प्र. कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक डॉ. सतीश सिकरवार ने की। कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव, ग्रामीण जिलाध्यक्ष प्रभुदयाल जौहरे, महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति सिंह, भारतीय दलित वर्ग संघ के प्रदेश अध्यक्ष सुधीर मण्डेलिया, महेश मधुरिया, बृजेश धानुक, राजेन्द्र सिंह जाटव, ब्लाॅक अध्यक्षगण, पार्षदगण मौजूद रहे।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुये प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार ने कहा कि यह सिर्फ एक कार्यकर्ता सम्मेलन नहीं है बल्कि यह सामाजिक न्याय के योद्धाओं का महाकुंभ है। कांग्रेस का इतिहास ही अनुसचित जाति समाज के साथ का  इतिहास है। बाबा साहेब को संविधान सभा में लाने का काम कांग्रेस ने किया। आरक्षण की व्यवस्था कांग्रेस की देन है। जब-जब संविधान पर हमला हुआ है, कांग्रेस ढाल बनकर खड़ी हुई है। आप सभी यहाँ से जाकर एक-एक घर में जाइए। लोगों को बताइए कि कांग्रेस ही एकमात्र पार्टी है जो आपके बच्चों के भविष्य को सुरक्षित रख सकती है। उन्होंने कहा कि संगठन ही सर्वोपरि है और प्रत्येक कार्यकर्ता को सम्मान दिलाना उनकी प्राथमिकता है।

कार्यकर्ता सम्मेलन में विधायक डाॅ. सिकरवार ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा बाबा साहेब के संविधान और उनके विचारों पर चलने वाली पार्टी है। आज अनुसूचित जाति समाज के बिना कांग्रेस अधूरी है। राहुल गांधी और प्रदेश नेतृत्व ने हमेशा एससी समाज को सम्मान दिया है। कार्यकर्ता बूथ स्तर तक जाकर संगठन को मजबूत करें।

कार्यकर्ता सम्मेलन में वक्ताओं ने कहा कि आज लड़ाई आरक्षण बचाने की है। आज भाजपा सरकार में पूरे प्रदेश में दलित समाज पर अत्याचार हो रहा है। नौकरियों में बैकलॉग भरा नहीं जा रहा, छात्रवृत्ति नहीं मिल रही, संविधान को बदलने की साजिश हो रही है। कार्यक्रम में स्वागत भाषण अजा विभाग के जिला अध्यक्ष केदार बराहदिया ने दिया। संचालन पार्षद अवधेश कौरव एवं आभार व्यक्त पार्षद गायत्री सुधीर मण्डेलिया ने किया।

Next Post

विधायक सखलेचा की मॉनिटरिंग लाई रंग

Thu Aug 20 , 2026
सिंगोली, जावद विधानसभा क्षेत्र के किसानों के लिए जीवन दायिनी बनने जा रही बाणदा बांध परियोजना के निर्माण स्थल पर इन दिनों जबरदस्त हलचल देखी जा रही है। क्षेत्रीय विधायक और पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा के सतत प्रयासों, कड़े प्रशासनिक समन्वय और लगातार की जा रही मैदानी मॉनिटरिंग के चलते […]

You May Like