बारिश में भी बरकरार तरबूज का स्वाद, दक्षिण भारत से इंदौर पहुंच रही खेप

इंदौर: मौसम में बदलाव और लगातार बारिश के बावजूद चोइथराम मंडी में तरबूज की आवक जारी है. दक्षिण भारत के अनन्तपुरा सहित अन्य क्षेत्रों से इसकी खेप इंदौर पहुंच रही है. वहां मौसम अनुकूल होने के कारण गर्मी का सीजन बीतने के बाद भी दोबारा फसल ली जाती है. फिलहाल मंडी में तरबूज का भाव करीब 10 रुपए किलो है. वहीं खेरची में 20 से 25 रूपये में मिल रहा है.
तरबूज की मांग गर्मी के मुकाबले भले ही कम हो गई हो, लेकिन बारिश में भी इसकी बिक्री बनी हुई है. दक्षिण भारत से आने वाले तरबूज आकार, रंग और चमक में आकर्षक हैं. इनमें पानी की मात्रा अधिक होने के साथ विटामिन ए, विटामिन सी, पोटैशियम और लाइकोपीन जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं.

हालांकि बारिश के मौसम में तरबूज खरीदते और खाते समय सावधानी जरूरी है. कटे या लंबे समय से रखे तरबूज में नमी और गर्म वातावरण के कारण बैक्टीरिया पनपने का खतरा बढ़ सकता है. इससे पेट दर्द, दस्त या संक्रमण जैसी समस्या हो सकती है. अधिक मात्रा में सेवन करने पर कुछ लोगों को गैस, पेट फूलने या दस्त की शिकायत भी हो सकती है.तरबूज खरीदते समय केवल उसकी बाहरी चमक पर निर्भर न रहें. वजन, आकार, छिलके की स्थिति और नीचे दिखाई देने वाले पीले धब्बे को देखकर फल का चुनाव करना बेहतर है. मंडी कारोबारियों के मुताबिक आने वाले दिनों में आवक और मांग के अनुसार भाव में बदलाव हो सकता है.

ताजगी व साफ सफाई का रखें ध्यान
डॉ. अमित लोधी ने बताया कि बारिश के मौसम में नमी बढ़ने से खाद्य पदार्थ जल्दी दूषित हो सकते हैं. तरबूज में पानी की मात्रा अधिक होने के कारण इसे ठीक से स्टोर नहीं किया गया हो तो बैक्टीरिया पनपने का खतरा रहता है. खराब या दूषित तरबूज खाने से पेट में संक्रमण और दस्त हो सकते हैं. साथ ही अधिक मात्रा में सेवन कुछ लोगों में पाचन संबंधी परेशानी पैदा कर सकता है. डॉ अमित लोधी के अनुसार, मानसून में फल खाते समय उनकी ताजगी, साफ-सफाई और सही तरीके से रखे जाने का ध्यान रखना चाहिए.

धोकर तुरंत खाना चाहिए
डाइटिशियन डॉक्टर प्रीति शुक्ला के अनुसार बारिश के मौसम में मिलने वाला तरबूज उन्नत खेती का परिणाम है और इसे खाने में डरने की जरूरत नहीं है. इसमें पानी, विटामिन, मिनरल और कैरोटिनॉइड्स भरपूर होते हैं. हालांकि, फल को अच्छी तरह धोकर तुरंत खाना चाहिए. मधुमेह और किडनी रोगियों को इसका सेवन डॉक्टर की सलाह के अनुसार सीमित मात्रा में करना चाहिए.

आकार, रंग व चमक में अच्छे
मंडी कारोबारी मुन्नवर खान ने बताया कि दक्षिण भारत से आ रहे तरबूज आकार, रंग और चमक में अच्छे हैं. बारिश के बावजूद इसकी आवक जारी है और मंडी में करीब 10 रुपए किलो के भाव पर कारोबार हो रहा है.

Next Post

चन्द्रभागा पुल से हरसिद्धी पुल तक सड़क का हिस्सा शुरू

Thu Aug 20 , 2026
इंदौर: नगर निगम सरवटे से गंगवाल बस स्टैंड के बीच सड़क का एक टुकड़ा शुरू किया गया है. उक्त सड़क का चन्द्रभागा पुल से हरसिद्धी पुल तक निर्मित टुकड़े का महापौर एवं विधायक ने बुधवार को शुभारंभ किया. उक्त सड़क का हिस्सा शुरू होने से नंदलालपुरा जवाहर मार्ग के यातायात […]

You May Like