गाड़ी में बैठकर आईपीएल पर सट्टा लगवा रहे था जिला बदर और ‘टीआई’

गुना: क्रिकेट के दीवाने जब आईपीएल के चौके-छक्कों पर नजरें टिकाए हुए हैं, तभी गुना पुलिस ने सट्टे के मैदान पर एक तगड़ा बाउंसर फेंकते हुए बड़े गिरोह को चारों खाने चित कर दिया है। पुलिस ने धरनावदा थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर एक लग्जरी थार गाड़ी में बैठकर आॅनलाइन सट्टा संचालित कर रहे तीन शातिर बदमाशों को दबोच लिया है। इसमें सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि गिरोह का मुख्य सरगना जिला बदर होने के बावजूद शहर में छिपकर सट्टे का काला कारोबार फैला रहा था। पकड़े गए आरोपी को उसके साथी टीआई नाम से भी पुकारते हैं, जो चर्चा का विषय बना हुआ है।

इस मामले का खुलासा शुक्रवार को गुना एसपी हितिका वासल ने किया। एसपी ने पत्रकारों को बताया कि 22 अप्रैल की रात पुलिस को सटीक मुखबिर से सूचना मिली कि नेशनल हाईवे पर मिडवे ट्रीट के पास एक बिना नंबर की थार गाड़ी में कुछ लोग मोबाइल के जरिए आईपीएल मैचों पर दांव लगवा रहे हैं। एसपी हितिका वासल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एक विशेष टीम गठित की। जैसे ही पुलिस की टीम ने मौके पर घेराबंदी की, थार में बैठे बदमाशों ने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद पुलिस बल ने उन्हें दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान विकास पाटिल, दिव्यांशु उर्फ नैनो और शुभम उर्फ टीआई के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि ये आरोपी मास्टर आईडी के जरिए सट्टे का नेटवर्क चला रहे थे और अन्य लोगों को यूजर आईडी और पासवर्ड उपलब्ध कराते थे। इस गिरोह के तार अन्य जिलों से भी जुड़े हैं। पुलिस ने कुल 12 लोगों को आरोपी बनाया है, जिनमें से 3 की गिरफ्तारी हो चुकी है और शेष 9 की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।

पकड़े गए आरोपियों का इतिहास बेहद काला रहा है। विकास पाटिल के खिलाफ मारपीट, हथियार तस्करी और हत्या के प्रयास जैसे 20 गंभीर मामले दर्ज हैं। इसे 20 मई 2025 को एक साल के लिए जिला बदर किया गया था, लेकिन आदेश का उल्लंघन कर यह गुना में ही वारदात को अंजाम दे रहा था। दिव्यांशु उर्फ नैनो पर भी 17 आपराधिक मामले दर्ज हैं। हाल ही में इसकी जिला बदर की अवधि समाप्त हुई थी, जिसके तुरंत बाद यह फिर से अपराध की दुनिया में सक्रिय हो गया। पुलिस ने मौके से आरोपियों के पास से 04 महंगे फोन, बिना नंबर की थार गाड़ी और 31 हजार 700 रुपए नगद बरामद किए हैं। एडिशनल एसपी मानसिंह ठाकुर और एसडीओपी राघौगढ़ दीपा डोडवे के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई में धरनावदा थाना प्रभारी रूहिल शर्मा और साइबर सेल की टीम का विशेष योगदान रहा। आरोपियों के खिलाफ सट्टा अधिनियम और मध्य प्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Next Post

आज रात 9 बजे सोशल मीडिया पर लाइव होंगे सीएम डॉ यादव, अहम विषय पर करेंगे प्रदेश के लोगों से संवाद

Fri Apr 24 , 2026
भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर जानकारी दी है कि वे आज रात 9 बजे प्रदेशवासियों से सीधे संवाद करेंगे। उन्होंने बताया कि इस लाइव कार्यक्रम के दौरान वे एक महत्वपूर्ण विषय पर अपनी बात साझा करेंगे। सीएम के इस ऐलान के बाद […]

You May Like

मनोरंजन